गाजियाबाद बना यूपी का नंबर वन स्वच्छ शहर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में रचा इतिहास
19वें स्थान से यूपी में नंबर वन तक गाजियाबाद का सफर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में रचा स्वच्छता का इतिहास

19वें स्थान से यूपी में नंबर वन तक गाजियाबाद का सफर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में रचा स्वच्छता का इतिहास
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को किया सम्मानित, सफाई मित्रों की मेहनत, बेहतर प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी ने बदली शहर की तस्वीर

गाजियाबाद।स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में गाजियाबाद नगर निगम ने उत्तर प्रदेश में स्वच्छ शहरों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल कर नया इतिहास रच दिया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को सम्मानित किया। गाजियाबाद नगर निगम के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब महापौर और नगर आयुक्त को राष्ट्रपति के हाथों स्वच्छता के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ।
इस उपलब्धि के पीछे नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का प्रशासनिक नेतृत्व, स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी और नगर निगम की पूरी टीम को साथ लेकर चलने की कार्यशैली अहम रही। उनके नेतृत्व में शहर की सफाई व्यवस्था को केवल नियमित अभियान तक सीमित न रखकर कचरा संग्रहण, पृथक्करण, परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण की एक व्यवस्थित प्रक्रिया के रूप में आगे बढ़ाया गया।

19वें से 11वें और अब प्रदेश में पहला स्थान
गाजियाबाद की यह सफलता एक दिन में हासिल नहीं हुई। स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर ने लगातार अपनी स्थिति में सुधार किया। वर्ष 2023-24 में गाजियाबाद 19वें स्थान पर था, जबकि 2024-25 में 11वीं रैंक हासिल की। इसके बाद 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गाजियाबाद उत्तर प्रदेश में स्वच्छ शहरों की श्रेणी में पहले स्थान पर पहुंच गया।
यह सफर नगर निगम की कार्ययोजना, अधिकारियों की मेहनत, सफाई मित्रों के समर्पण और शहरवासियों की भागीदारी का परिणाम है।
नगर आयुक्त की निगरानी में मजबूत हुई स्वच्छता व्यवस्था
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सफाई कार्यों की नियमित निगरानी और कचरा प्रबंधन को प्राथमिकता दी। नगर निगम सीमा में घर-घर से कूड़ा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण और उसके उचित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया।
सफाई मित्रों द्वारा प्रतिदिन की जाने वाली मेहनत को शहर की स्वच्छता व्यवस्था की सबसे मजबूत कड़ी मानते हुए नगर आयुक्त ने टीम का उत्साहवर्धन किया। समय पर कचरे का उठान, सार्वजनिक स्थानों की सफाई और एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए गए।
कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक मुक्त अभियान ने बढ़ाई ताकत
गाजियाबाद की सफलता में नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण रही। महापौर सुनीता दयाल ने इस उपलब्धि का श्रेय शहरवासियों को देते हुए कहा कि लोगों ने कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक मुक्त अभियान को अपनाकर नगर निगम के प्रयासों को मजबूती दी है।
नगर निगम द्वारा घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाया गया। स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
राष्ट्रपति के हाथों सम्मान, पूरी टीम का बढ़ा गौरव
विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने भी गाजियाबाद नगर निगम की टीम का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी सहित नगर निगम की टीम भी उपस्थित रही।
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इस सम्मान के लिए शहरवासियों, पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी। नगर आयुक्त ने स्वच्छता अभियान से जुड़ी टीम का उत्साह बढ़ाते हुए इस उपलब्धि को आगे भी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
अब नंबर वन की पहचान बनाए रखने की चुनौती
गाजियाबाद का 19वें स्थान से प्रदेश में पहले स्थान तक पहुंचना प्रशासनिक इच्छाशक्ति और बेहतर कार्यप्रबंधन की मिसाल है। हालांकि, किसी भी शहर के लिए नंबर वन बनना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक चुनौती उस स्थान को लगातार बनाए रखना है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के सामने अब इस उपलब्धि को स्थायी स्वच्छता व्यवस्था में बदलने की जिम्मेदारी है। इसके लिए घर-घर कूड़ा संग्रहण, कचरा पृथक्करण, वैज्ञानिक निस्तारण, सफाई मित्रों की सुविधाओं और नागरिकों की भागीदारी को लगातार मजबूत करना होगा।
गाजियाबाद की यह उपलब्धि बताती है कि जब प्रशासनिक नेतृत्व लक्ष्य के प्रति गंभीर हो, अधिकारी-कर्मचारी एक टीम के रूप में काम करें और जनता भी अपनी जिम्मेदारी समझे तो शहर की तस्वीर बदली जा सकती है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में गाजियाबाद ने स्वच्छता के क्षेत्र में जो मुकाम हासिल किया है, वह उत्तर प्रदेश के दूसरे नगर निगमों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।



