उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

गाजियाबाद: संभव दिवस में नगर आयुक्त ने सुनी जनसमस्याएं, 16 शिकायतों पर हुई कार्रवाई

गाजियाबाद: संभव दिवस में नगर आयुक्त ने सुनी जनसमस्याएं, 16 शिकायतों पर हुई कार्रवाई

गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सोमवार को आयोजित ‘संभव दिवस’ में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। बैठक में प्राप्त 16 शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि समस्या के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से अनिवार्य रूप से फीडबैक लिया जाए।

बैठक में अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, महाप्रबंधक जलकल कामाख्या प्रसाद आनंद, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज, निर्माण विभाग के विपुल और कुलदीप सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इन विभागों से मिलीं सबसे अधिक शिकायतें

संभव दिवस में कुल 16 संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें—

  • निर्माण विभाग – 6
  • टैक्स विभाग – 3
  • स्वास्थ्य विभाग – 2
  • जलकल विभाग – 2
  • उद्यान विभाग – 1
  • प्रकाश विभाग – 1
  • पशु चिकित्सा विभाग – 1

इन समस्याओं पर हुई सुनवाई

संभव दिवस में शास्त्री नगर और लाल कुआं से हाउस टैक्स, नंदग्राम से स्ट्रीट लाइट एवं सड़क मरम्मत, नेहरू नगर से सफाई कर्मचारियों की तैनाती और अवैध गेट लगाने, वसुंधरा से पार्क मरम्मत, विजयनगर से सड़क निर्माण, राकेश मार्ग से पीएसएल आपूर्ति एवं पॉलीथीन मुक्त अभियान, राजनगर एक्सटेंशन से आवारा कुत्तों (सी-डॉग) की समस्या तथा शिब्बनपुरा से पानी के पंप सेट चालू कराने सहित विभिन्न शिकायतें दर्ज कराई गईं।

नगर आयुक्त के निर्देश पर सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई और संबंधित शिकायतकर्ताओं को इसकी जानकारी भी दी गई।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को निर्देशित किया कि भविष्य में संभव दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना अनिवार्य किया जाए, ताकि समाधान की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद नागरिकों से भी उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर संवाद किया।

Related Articles

Back to top button