लखनऊ में एलडीए का बुलडोजर एक्शन, 65 बीघा जमीन पर हो रही 5 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त
गोमती नगर विस्तार, इंदिरा नगर, सर्वोदय नगर और चिनहट में 6 अवैध निर्माण सील

लखनऊ में एलडीए का बुलडोजर एक्शन, 65 बीघा जमीन पर हो रही 5 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त
गोमती नगर विस्तार, इंदिरा नगर, सर्वोदय नगर और चिनहट में 6 अवैध निर्माण सील
लखनऊ। राजधानी में अवैध प्लाटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे निर्माण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में लगभग 65 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही पांच अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। वहीं, गोमती नगर विस्तार, इंदिरा नगर, सर्वोदय नगर, खुर्रमनगर और चिनहट में छह अवैध व्यावसायिक एवं आवासीय निर्माण सील किए गए।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 और जोन-5 की टीमों ने यह अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण और अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई की गई।
सुशांत गोल्फ सिटी में पांच अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के मुताबिक, सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के मलूकपुर, बक्कास, सरसवां और अहिमामऊ में अभियान चलाया गया। यहां राम अवतार, ए.के. सिंह, सुनील यादव, अक्षय सिंह, राकेश, लक्ष्मण मिश्रा व अन्य के नाम से बताई गई लगभग 65 बीघा जमीन पर की जा रही पांच अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
गोमती नगर विस्तार में दो बहुमंजिला भवन सील
गोमती नगर विस्तार में अर्चना कौशल, सुनील कुमार जायसवाल व अन्य द्वारा कथित रूप से अनधिकृत तरीके से बनाए जा रहे दो बहुमंजिला भवनों को सील किया गया।
इंदिरा नगर से चिनहट तक चार निर्माणों पर कार्रवाई
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह के अनुसार, सर्वोदय नगर में विकास भवन के पास मुन्ना व अन्य द्वारा लगभग 300 वर्गमीटर के भूखंड पर कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। इंदिरा नगर के पानी गांव में मोहम्मद जमाल द्वारा लगभग 150 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्माण कराया जा रहा था।
इसी तरह खुर्रमनगर के अबरार नगर में अरविंद मिश्रा, हरिनाम व अन्य द्वारा लगभग 400 वर्गमीटर के भूखंड पर कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा था। चिनहट में अयोध्या रोड स्थित दयाल रेजीडेंसी में गौरव पांडेय व अन्य द्वारा लगभग 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था।
प्राधिकरण के मुताबिक, स्वीकृत मानचित्र के बिना किए जा रहे इन चारों निर्माणों को सील कर दिया गया।
एलडीए की कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हलचल
एलडीए की इस कार्रवाई में कुल पांच अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की गईं और छह निर्माण सील किए गए। प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अनधिकृत प्लाटिंग और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में जमीन खरीदने से पहले संबंधित भूखंड और कॉलोनी के लेआउट की स्वीकृति की जांच करना जरूरी है, ताकि खरीदारों को भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्टार न्यूज़ भारत | लखनऊ



