बैंकॉक में गूंजी भारत की सर्कुलर इकोनॉमी की पहल, IAS विक्रमादित्य सिंह मलिक ने संयुक्त राष्ट्र की कार्यशाला में रखा देश का दृष्टिकोण

बैंकॉक में गूंजी भारत की सर्कुलर इकोनॉमी की पहल, IAS विक्रमादित्य सिंह मलिक ने संयुक्त राष्ट्र की कार्यशाला में रखा देश का दृष्टिकोण
गाजियाबाद को वैश्विक मंच पर मिली पहचान, नगर आयुक्त रहते हुए किए गए नवाचारों और कचरा प्रबंधन के मॉडल को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने किया प्रस्तुत
रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज
लखनऊ/बैंकॉक। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक विक्रमादित्य सिंह मलिक (आईएएस) ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बैंकॉक में संयुक्त राष्ट्र की क्षेत्रीय कार्यशाला में सर्कुलर इकोनॉमी (चक्रीय अर्थव्यवस्था) पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। भारत सरकार की ओर से नामित श्री मलिक ने 25 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित इस कार्यशाला में भारत की नीतियों और शहरी स्तर पर किए जा रहे नवाचारों की जानकारी साझा की।

संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन केंद्र, बैंकॉक में आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन संयुक्त राष्ट्र क्षेत्रीय विकास केंद्र (UNCRD), संयुक्त राष्ट्र एशिया-प्रशांत आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (UN ESCAP) और यूएनडीपी इंडिया ने संयुक्त रूप से किया है। इसमें एशिया के विभिन्न देशों के सरकारी प्रतिनिधि, स्थानीय निकाय, शिक्षण संस्थान और निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 3R यानी कम उपयोग, दोबारा उपयोग और पुनर्चक्रण के सिद्धांतों को बढ़ावा देना तथा मार्च 2025 में जयपुर में अपनाई गई जयपुर घोषणा (2025-2035) को धरातल पर लागू करना है।
भारत की नीतियों और शहरी मॉडल को किया प्रस्तुत
श्री मलिक ने अपने संबोधन में भारत की सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़ी प्रमुख नीतियों का उल्लेख किया। इनमें विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व (EPR), स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0, मिशन लाइफ और विभिन्न क्षेत्रों के लिए तैयार सर्कुलर इकोनॉमी कार्य योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन नीतियों को प्रभावी रूप से लागू करने में शहरों और स्थानीय निकायों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
गाजियाबाद के मॉडल ने खींचा अंतरराष्ट्रीय ध्यान
गाजियाबाद के पूर्व नगर आयुक्त के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान किए गए नवाचारों को प्रस्तुत करते हुए उन्होंने बताया कि शहर में 40 एमएलडी क्षमता का टर्शियरी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया है, जिससे 1,100 से अधिक औद्योगिक इकाइयों को शोधित पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस परियोजना के लिए देश के पहले प्रमाणित ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से धनराशि जुटाई गई और इसे ग्लोबल वाटर अवॉर्ड्स 2025 में सम्मानित किया गया।
गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का पहला नगर निकाय बना, जिसने कार्बन क्रेडिट परियोजनाएं पंजीकृत कराईं। ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रोपीज मेयर्स चैलेंज 2025-26 में विजेता रही पहल के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं गोबर से छतों के लिए जैविक सफेद पेंट तैयार कर रही हैं।
इसके अलावा शहर में 50 आरआरआर केंद्र, मोबाइल वैन और आरआरआर वेल-बीइंग सेंटर स्थापित किए गए हैं। ग्लास अपसाइक्लिंग प्लांट, प्लास्टिक से पाइप निर्माण, वेस्ट टू वंडर पार्क और सामुदायिक कम्पोस्टिंग जैसी पहल भी शुरू की गई हैं।
कचरे से ऊर्जा और हरियाली की दिशा में भी पहल
शहर में देश के पहले एसटीपी आधारित बायो-सीएनजी प्लांट के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। पुराने कूड़ा स्थलों को मियावाकी पद्धति से हरित क्षेत्रों और 193 हरित नर्सरियों में परिवर्तित करने की पहल भी की गई है।

खास बात यह है कि गाजियाबाद में नगर आयुक्त रहते हुए किए गए ये प्रयोग अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के शहरी विकास और पर्यावरण संरक्षण के मॉडल के रूप में प्रस्तुत किए जा रहे हैं। यह पहल दिखाती है कि बेहतर कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण और जनभागीदारी के माध्यम से शहरों को अधिक स्वच्छ, टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है।



