दीपावली और छठ पर यूपी रोडवेज की बसों में उमड़ी यात्रियों की भीड़, 12 दिनों में 2 करोड़ से अधिक लोगों ने किया सफर

दीपावली और छठ पर यूपी रोडवेज की बसों में उमड़ी यात्रियों की भीड़, 12 दिनों में 2 करोड़ से अधिक लोगों ने किया सफर
लखनऊ। दीपावली और छठ पर्व पर अपने घर पहुंचने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की विशेष बस संचालन व्यवस्था के तहत 12 दिनों में 2 करोड़ से अधिक यात्रियों ने रोडवेज बसों से सफर किया। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त बसों के संचालन से यात्रियों को काफी राहत मिली और आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने की व्यवस्था की गई।
उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन निगम की ओर से 6 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक विशेष परिवहन व्यवस्था लागू की गई थी। इस दौरान प्रदेश के प्रमुख मार्गों, विशेषकर पूर्वांचल की ओर जाने वाले रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया गया।
17 नवंबर को 31.27 लाख से अधिक यात्रियों ने किया सफर
परिवहन निगम के आंकड़ों के मुताबिक 6 नवंबर को 18.06 लाख, 7 नवंबर को 16.72 लाख, 8 नवंबर को 17.36 लाख, 9 नवंबर को 14.12 लाख, 10 नवंबर को 16.42 लाख, 11 नवंबर को 19.45 लाख और 12 नवंबर को 19.26 लाख से अधिक यात्रियों ने बसों से यात्रा की।
इसी क्रम में 13 नवंबर को 22.40 लाख, 14 नवंबर को 20.07 लाख, 15 नवंबर को 20.13 लाख, 16 नवंबर को 17.15 लाख और 17 नवंबर को 31.27 लाख से अधिक यात्रियों ने रोडवेज बसों का इस्तेमाल किया।
पूर्वांचल के यात्रियों के लिए की गई विशेष व्यवस्था
परिवहन मंत्री ने बताया कि दीपावली और छठ पर्व पर विशेष रूप से पूर्वांचल क्षेत्र में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। प्रदेश के विभिन्न महानगरों और दूसरे राज्यों के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले लोग त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में अपने घरों को लौटते हैं। इसे देखते हुए पूर्वांचल सहित प्रदेश के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें लगाई गईं, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना
दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को सुरक्षित, सुलभ और बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। त्योहारों के दौरान बसों की कमी से यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और चालक-परिचालकों ने आपसी समन्वय के साथ काम किया।
उन्होंने विशेष परिवहन व्यवस्था को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और संतुष्टि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।




