लखनऊ

लखनऊ में स्व-जनगणना 2027 को लेकर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, जनगणना प्रक्रिया की दी गई जानकारी

लखनऊ में स्व-जनगणना 2027 को लेकर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, जनगणना प्रक्रिया की दी गई जानकारी

रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज
Star news bharat

लखनऊ। आगामी जनगणना 2027 को लेकर शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारियों के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनगणना विभाग से जुड़े प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन एवं लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों को स्व-जनगणना 2027 की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि स्व-जनगणना किस प्रकार की जा सकती है और इसके लिए किन प्रक्रियाओं का पालन करना होगा। साथ ही पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के निवासियों को स्व-जनगणना के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी और इसकी उपयोगिता के बारे में भी बताया गया।

जिला प्रशासन की ओर से एडीएम सिटी तथा लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इसका उद्देश्य आरडब्ल्यूए के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्व-जनगणना की जानकारी पहुंचाना और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

इस अवसर पर ग्रेटर लखनऊ के महासचिव विवेक शर्मा, अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा, लखनऊ जनकल्याण महासमिति के अध्यक्ष उमाशंकर दुबे, नेहरू एन्क्लेव निवासी अंजू वाष्णेय सहित शहर की विभिन्न आरडब्ल्यूए एवं समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने स्व-जनगणना 2027 की प्रक्रिया को समझा और अपने-अपने आवासीय क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने की दिशा में सहयोग का भरोसा दिया।

ये है स्व जनगणना की प्रक्रिया

📢 महत्वपूर्ण सूचना – जनगणना 2027 (द्वितीय चरण)

जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत परिवार के सदस्यों की विस्तृत जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जानी है। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए निम्नलिखित चरणों का पालन करें:

ऑनलाइन प्रक्रिया:

1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in खोलें।
2. राज्य के विकल्प में उत्तर प्रदेश चुनें।
3. परिवार के मुखिया का नाम एवं मोबाइल नंबर दर्ज करें।
4. मोबाइल पर प्राप्त OTP के माध्यम से सत्यापन करें।
5. अपनी पसंद की भाषा का चयन करें।
6. घर का पूरा पता एवं डिजिटल नक्शे पर अपने घर की लोकेशन दर्ज करें।
7. परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित पूछे गए सवालों के जवाब भरें।
8. सभी जानकारियों को अच्छी तरह जाँचने के बाद फॉर्म सबमिट करें।

महत्वपूर्ण निर्देश:

🔹 ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद प्राप्त होने वाली आईडी सुरक्षित रखें।

🔹 जब जनगणना कर्मचारी आपके घर आएँ, तो उन्हें यह आईडी उपलब्ध कराएँ।

🔹 कर्मचारी द्वारा जानकारी का सत्यापन किए जाने के बाद जनगणना की प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।

Related Articles

Back to top button