लखनऊ

लखनऊ-नगर निगम की जमीन से हटा अवैध कब्जा-चला बुलडोजर

औरंगाबाद जागीर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार वर्गफुट सरकारी जमीन कराई कब्जामुक्त

जेसीबी से अवैध बाउंड्रीवॉल ध्वस्त, करीब 1.80 करोड़ रुपये आंकी गई जमीन की कीमत

लखनऊ। सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर सरोजनी नगर तहसील के ग्राम औरंगाबाद जागीर में नगर निगम की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 हजार वर्गफुट सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये बताई गई है।

नगर निगम के अनुसार, ग्राम औरंगाबाद जागीर में खसरा संख्या 1145 की 0.063 हेक्टेयर बंजर भूमि और खसरा संख्या 1454 की 0.341 हेक्टेयर तालाब की भूमि नगर निगम के स्वामित्व एवं निहित सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है।

जांच के दौरान सामने आया कि कुछ लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर रेडीमेड बाउंड्रीवॉल खड़ी कर अवैध प्लॉटिंग करने का प्रयास किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अवैध बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।

अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के निर्देश पर प्रभारी अधिकारी संपत्ति रिपुदमन सिंह एवं तहसीलदार अरविंद पाण्डेय द्वारा कार्रवाई के लिए टीम उपलब्ध कराई गई। अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार राजेन्द्र कुमार ने किया। मौके पर नगर निगम के लेखपाल अनूप गुप्ता भी मौजूद रहे।

कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए थाना बिजनौर की पुलिस और नगर निगम की ईटीएफ टीम तैनात रही।

नगर निगम की इस कार्रवाई से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और प्लॉटिंग करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सरकारी संपत्तियों पर अनधिकृत निर्माण और कब्जे के मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button