Delhi

वित्त मंत्री ने पेश किया बजट UP हुआ मालामाल- सारनाथ समेत देश के 15 धरोहर स्थलों का विकास

बजट 2026 में यूपी को बड़ी सौगात: दिल्ली–वाराणसी हाई-स्पीड रेल, सारनाथ समेत देश के 15 धरोहर स्थलों का विकास

केंद्रीय बजट 2026-27 में उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति देने वाली कई अहम घोषणाएं की गई हैं। वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में दिल्ली–वाराणसी समेत देश के 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के निर्माण का ऐलान किया, जिनमें दिल्ली–वाराणसी और वाराणसी–सिलीगुड़ी कॉरिडोर विशेष रूप से उत्तर प्रदेश को सीधा लाभ पहुंचाएंगे। इन परियोजनाओं से प्रदेश में तेज, आधुनिक और विश्वस्तरीय रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा तथा व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

बजट में पूर्वांचल को एक और बड़ी सौगात देते हुए बनारस और पटना में जहाज मरम्मत सुविधा (शिप रिपेयर फैसिलिटी) स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिससे अंतर्देशीय जल परिवहन को मजबूती मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। इसके साथ ही अगले पांच वर्षों में पांच औद्योगिक क्षेत्रों में कार्बन कैप्चर परियोजनाओं के लिए ₹20 हजार करोड़ के प्रस्ताव से उत्तर प्रदेश में हरित एवं टिकाऊ औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।

विरासत और संस्कृति पर्यटन के क्षेत्र में भी बजट 2026 उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ है। वित्त मंत्री ने सारनाथ जैसे देश के 15 पुरातात्विक स्थलों को जीवंत और अनुभवजन्य सांस्कृतिक गंतव्य के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत उत्खनित स्थलों को विशेष वॉक-वे के माध्यम से आम जनता के लिए खोला जाएगा, वहीं संरक्षण प्रयोगशालाओं, व्याख्यान केंद्रों और प्रशिक्षित गाइडों की मदद से आधुनिक कहानी कहने के कौशल और तकनीक के जरिए पर्यटकों को समृद्ध अनुभव प्रदान किया जाएगा। इससे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है।

कुल मिलाकर, बजट 2026-27 में पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर ₹12.2 लाख करोड़ किए जाने के साथ उत्तर प्रदेश के लिए बुनियादी ढांचे, परिवहन, पर्यटन और सतत विकास के क्षेत्र में मजबूत आधार तैयार किया गया है, जो ‘विकसित भारत’ के साथ ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button