लखनऊ-एलडीए का बड़ा एक्शन: बिजनौर में ‘मॉड गैलेक्सी सिटी’ पर चला बुलडोजर, 9 अवैध रो-हाउस ध्वस्त

‼️👉 एलडीए का बड़ा एक्शन: बिजनौर में ‘मॉड गैलेक्सी सिटी’ पर चला बुलडोजर, 9 अवैध रो-हाउस ध्वस्त
लखनऊ। अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने बुधवार को शहर में व्यापक कार्रवाई की। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने बिजनौर क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही ‘मॉड गैलेक्सी सिटी’ पर बुलडोजर चलाते हुए 09 रो-हाउस भवनों को ध्वस्त कर दिया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के अनुसार, बिजनौर थानाक्षेत्र के औरंगाबाद खालसा में बिल्डर मोहम्मद इमरान द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के लगभग 9,500 वर्गफुट क्षेत्र में रो-हाउस निर्माण कराया जा रहा था। इस अवैध निर्माण के खिलाफ न्यायालय से ध्वस्तीकरण के आदेश प्राप्त होने के बाद एलडीए टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे स्ट्रक्चर को जमींदोज कर दिया। दिनभर चली इस कार्रवाई में सभी 09 अवैध रो-हाउस ध्वस्त कर दिए गए।
👉 गुड़म्बा में 19 अवैध रो-हाउस सील
एलडीए की कार्रवाई केवल बिजनौर तक सीमित नहीं रही। प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने गुड़म्बा क्षेत्र के कंचना बिहारी मार्ग पर भी बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 अवैध रो-हाउस भवनों को सील कर दिया। यहां विभिन्न बिल्डरों द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराया जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक करीब 500, 400 और 300 वर्गमीटर के भूखण्डों पर अलग-अलग निर्माण कार्य चल रहे थे, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
👉 ठाकुरगंज में 3 अवैध व्यावसायिक निर्माण पर भी कार्रवाई
वहीं प्रवर्तन जोन-7 की टीम ने ठाकुरगंज के जल निगम रोड पर अवैध व्यावसायिक निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया। यहां तीन अलग-अलग भूखण्डों (150, 200 और 250 वर्गमीटर) पर बिना अनुमति के बनाए जा रहे कमर्शियल भवनों को सील कर दिया गया।
👉 एलडीए का सख्त संदेश
एलडीए की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के होने वाले निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।



