लखनऊ

ग्रीन कॉरिडोर की सड़क सुरक्षित, सीवर पाइप लाइन लीकेज की मरम्मत जारी — LDA ने बताया भ्रामक खबरों से बचें

ग्रीन कॉरिडोर की सड़क सुरक्षित, सीवर पाइप लाइन लीकेज की मरम्मत जारी — LDA ने बताया भ्रामक खबरों से बचें

रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज-16-03-26

लखनऊ। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही इस भ्रामक सूचना कि सीवेज पाइप लाइन में लीकेज से ग्रीन कॉरिडोर की नवनिर्मित सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है, के संबंध में वास्तविक स्थिति सामने आ गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ग्रीन कॉरिडोर की सड़क पूरी तरह सुरक्षित है और यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

बताया गया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत बीरबल साहनी मार्ग का चौड़ीकरण किया गया है। इसी मार्ग से न्यू हैदराबाद पुलिस चौकी की ओर जाने वाले रैम्प के पास सीवर पाइप लाइन में लीकेज की शिकायत मिली थी।

शिकायत मिलने के बाद जल निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित स्थान पर गड्ढा खोदकर पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार यह लीकेज ग्रीन कॉरिडोर की मुख्य सड़क पर नहीं, बल्कि साइड पटरी के पास रैम्प के नजदीक है।

इस संबंध में लखनऊ विकास प्राधिकरण के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा के नेतृत्व में अभियंत्रण टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मरम्मत का कार्य जल निगम द्वारा कराया जा रहा है और स्थिति नियंत्रण में है।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण के दौरान बिजली लाइन, खंभों और पाइप लाइन जैसी सभी यूटिलिटी को संबंधित विभागों के समन्वय से पहले ही शिफ्ट कराया जा चुका है। इसलिए पाइप लाइन लीकेज की इस समस्या का ग्रीन कॉरिडोर परियोजना से कोई संबंध नहीं है।

फिलहाल ग्रीन कॉरिडोर पर यातायात पूरी तरह सुचारू है और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। अधिकारियों ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें तथा आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

— स्टार न्यूज़ भारत
हमारा उद्देश्य है कि समाज, प्रशासन और आमजन से जुड़ी हर सही, संतुलित और विश्वसनीय खबर आप तक सबसे पहले और तथ्यात्मक रूप में पहुंचे।

Related Articles

Back to top button