खबर का असर: अलीगंज दुर्गा पूजा मेले में हाईटेंशन लाइन के पास लगे जानलेवा झूले को हटवाया
स्टार न्यूज भारत की खबर पर बिजली विभाग ने लिया तत्काल संज्ञान, अधिशासी अभियंता पंकज कुमार गुप्ता की पहल पर झूले को कराया गया शिफ्ट

खबर का असर: अलीगंज दुर्गा पूजा मेले में हाईटेंशन लाइन के पास लगे जानलेवा झूले को हटवाया
स्टार न्यूज भारत की खबर पर बिजली विभाग ने लिया तत्काल संज्ञान, अधिशासी अभियंता पंकज कुमार गुप्ता की पहल पर झूले को कराया गया शिफ्ट
लखनऊ। अलीगंज स्थित परिवहन विभाग के पॉकेट ग्राउंड में आयोजित विशाल मां दुर्गा पूजा मेले में हाईटेंशन बिजली लाइन के बेहद करीब लगाए गए नाव वाले झूले को लेकर उठे सुरक्षा के सवालों का असर देखने को मिला। खबर का संज्ञान लेते हुए महानगर क्षेत्र के 11 केवीए के अधिशासी अभियंता पंकज कुमार गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई कराते हुए झूले को हाईटेंशन लाइन से दूर शिफ्ट करा दिया।
दरअसल, महादेव होटल से सचिवालय कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क के किनारे मेले में विशाल नाव वाला झूला लगाया गया था। इसके ठीक ऊपर से 11 केवीए की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। झूला जब तेजी से ऊपर की ओर जाता था, तब बिजली की लाइन और झूले के बीच की दूरी बेहद कम दिखाई देती थी। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
मामले को लेकर सवाल उठ रहे थे कि आखिर मेले में झूला लगाने की अनुमति देते समय सुरक्षा मानकों और हाईटेंशन लाइन से निर्धारित दूरी का ध्यान रखा गया या नहीं। क्या आयोजकों ने बिजली विभाग से आवश्यक अनुमति और सुरक्षा संबंधी जांच कराई थी? इन सवालों के बीच झूले को शिफ्ट कराया जाना राहत भरा कदम है।
सावन मेले में हुए हादसे से भी नहीं लिया सबक?
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले सावन के दौरान पॉलिटेक्निक स्थित सुषमा हॉस्पिटल के पास आयोजित मेले में झूला टूटकर गिर गया था। इस हादसे में एक बच्ची का पैर फ्रैक्चर हो गया था। इसके बावजूद मेलों में झूलों की सुरक्षा, तकनीकी जांच और बिजली की लाइनों से पर्याप्त दूरी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष सतर्कता जरूरी है।
राम मंदिर की थीम पर तैयार किए गए भव्य पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के बीच नाव वाले झूले की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई थी। ऐसे में समय रहते कार्रवाई से संभावित दुर्घटना का जोखिम कम करने में मदद मिली है।
जिम्मेदार विभागों की सतर्कता जरूरी
इस कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर समय रहते ध्यान देना कितना महत्वपूर्ण है। अधिशासी अभियंता पंकज कुमार गुप्ता द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर झूले को शिफ्ट कराने की पहल सराहनीय है। अब जरूरी है कि मेले में लगाए गए अन्य झूलों की भी तकनीकी जांच हो और बिजली लाइनों के आसपास सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
स्टार न्यूज भारत की खबर का असर—समय रहते कार्रवाई, ताकि उत्सव की खुशियां किसी हादसे में न बदलें।



