लखनऊ

जानकीपुरम के सृष्टि अपार्टमेंट में आस्था का संगम, परिसर में ही बनाया गया छठ घाट; महिलाओं ने डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना

जानकीपुरम के सृष्टि अपार्टमेंट में आस्था का संगम, परिसर में ही बनाया गया छठ घाट; महिलाओं ने डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना

लखनऊ। लोक आस्था, पवित्रता और सामाजिक सौहार्द का महापर्व छठ पूजा राजधानी लखनऊ में भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। जानकीपुरम स्थित सृष्टि अपार्टमेंट में छठ महापर्व के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया। अपार्टमेंट परिसर में ही निवासियों ने मिलकर छठ पूजा के लिए घाट तैयार किया, जहां महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की।

छठ पूजा को लेकर अपार्टमेंट में कई दिनों पहले से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। परिसर में साफ-सफाई के साथ पूजा के लिए उपयुक्त स्थान तैयार किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मिलकर परिसर में ही अस्थायी छठ घाट बनाया, जहां पानी की व्यवस्था की गई। घाट को पूजा के अनुरूप सजाया गया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।

छठ महापर्व के प्रथम चरण में व्रती महिलाओं ने नहाय-खाय की परंपरा निभाई। इसके बाद खरना का प्रसाद तैयार कर पूजा-अर्चना की गई। खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। व्रती महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना का संकल्प लिया।

डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली

छठ पूजा के मुख्य दिन शाम को व्रती महिलाएं पारंपरिक पूजा सामग्री, फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य प्रसाद से सजे बांस के सूप और दउरा लेकर घाट पर पहुंचीं। महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा अपार्टमेंट परिसर गूंज उठा। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी पूजा में सहभागिता निभाई और व्रतियों के साथ भगवान सूर्य की आराधना की।

 

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ हुआ व्रत का समापन

अगली सुबह तड़के ही श्रद्धालु एक बार फिर छठ घाट पर एकत्र हुए। उगते सूर्य की पहली किरण के साथ व्रती महिलाओं ने भगवान भास्कर को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार, संतान और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। सुबह का अर्घ्य संपन्न होने के बाद व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति से व्रत का पारण किया। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हुआ।

कई वर्षों से सृष्टि अपार्टमेंट में हो रहा छठ पूजा का आयोजन

अपार्टमेंट निवासी एवं समाजसेवी विवेक शर्मा ने बताया कि सृष्टि अपार्टमेंट में पिछले कई वर्षों से छठ पूजा बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। शुरुआत से ही यहां के निवासी मिल-जुलकर इस आयोजन को सफल बनाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि अब लखनऊ सहित देश के विभिन्न शहरों में भी इस महापर्व को पूरे उत्साह और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के सामूहिक आयोजन से अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों के बीच आपसी मेलजोल, भाईचारा और एकजुटता बढ़ती है। अलग-अलग क्षेत्रों और पृष्ठभूमि से आने वाले लोग एक साथ मिलकर पर्व मनाते हैं। यही भारतीय संस्कृति की खूबसूरती है।

सृष्टि अपार्टमेंट में आयोजित छठ पूजा ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आस्था की कोई सीमा नहीं होती। जहां श्रद्धा और विश्वास होता है, वहीं पूरा समाज एक परिवार की तरह एकत्र होकर पर्व की खुशियां साझा करता है।

Related Articles

Back to top button