Lucknow-बीकेटी में एलडीए का बुलडोजर, 30 बीघा में की जा रही 5 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

बीकेटी में एलडीए का बुलडोजर, 30 बीघा में की जा रही 5 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त
पारा में बिना मानचित्र बन रहे दो व्यावसायिक निर्माण सील, एलडीए का सख्त अभियान जारी
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने मंगलवार को अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीकेटी क्षेत्र में लगभग 30 बीघा में विकसित की जा रही 5 अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। वहीं, पारा क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए जा रहे 2 व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया।
एलडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-3 एवं जोन-5 की टीम द्वारा की गई।
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि बीकेटी के ग्राम भैसामऊ में वारिस खान, राम औतार प्रॉपर्टीज, राहुल यादव, मुकेश वर्मा, राम सागर यादव, सुरेन्द्र कुमार एवं अन्य द्वारा लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 5 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
वहीं, प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि पारा क्षेत्र में आगरा एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट के आगे लगभग 2000 वर्गमीटर भूमि पर गौरव यादव एवं अन्य द्वारा अवैध व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा पूर्वीदीन खेड़ा में प्रहलाद, पंचम पाल एवं अन्य द्वारा लगभग 800 वर्गमीटर भूमि पर भूतल पर दुकानें तथा प्रथम तल पर कमरों का निर्माण बिना एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए किया जा रहा था।
प्रवर्तन टीम ने दोनों निर्माणों को मौके पर पहुंचकर सील कर दिया। एलडीए ने स्पष्ट किया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जाने वाले अवैध निर्माण और प्लाटिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



