लखनऊ-महापौर सुषमा खर्कवाल ने लिया संज्ञान,जोन 4 में बने मॉडल वेंडिंग जोन की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश-कहा किस्तों में जमा कराए रेंट

स्टार न्यूज़ भारत की खबर का असर
रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज
महापौर सुषमा खर्कवाल ने लिया तत्काल संज्ञान, मॉडल वेंडिंग जोन की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

लखनऊ। स्टार न्यूज़ भारत द्वारा नगर निगम जोन-4 के गोमती नगर स्थित विभूति खण्ड मॉडल वेंडिंग जोन में बिजली कनेक्शन न मिलने, किराया वसूली में अनियमितता और बकाया नोटिस की खबर प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी को निर्देशित किया कि मॉडल वेंडिंग जोन के सभी दुकानदारों को शीघ्र बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापारियों को मूलभूत सुविधा मिल सके।
महापौर ने यह भी निर्देश दिए कि सभी दुकानदारों से प्रतिमाह नियमित रूप से किराया जमा कराया जाए, जिससे भविष्य में किसी भी व्यापारी पर एकमुश्त बकाया का अनावश्यक वित्तीय बोझ न पड़े।
इसके साथ ही दुकान नंबर 19 एवं 20 पर लगाए गए ₹30 हजार एवं ₹40 हजार के बकाया नोटिस के संबंध में भी महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों को राहत देते हुए पुराने बकाया की वसूली किस्तों में कराई जाए, जबकि वर्तमान माह का किराया समय से जमा कराया जाए। इससे दुकानदारों को आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और नगर निगम का राजस्व भी नियमित रूप से प्राप्त होगा।
गौरतलब है कि मॉडल वेंडिंग जोन का उद्घाटन प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री द्वारा किया गया था। उद्घाटन के दौरान दुकानदारों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी यह सुविधा नहीं मिल सकी थी। जबकि बिजलीघर और वेंडिंग जोन के बीच की दूरी महज कुछ कदम है।
स्टार न्यूज़ भारत की खबर के बाद महापौर द्वारा दिए गए त्वरित निर्देशों से दुकानदारों में उम्मीद जगी है कि अब उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान जल्द होगा और मॉडल वेंडिंग जोन वास्तव में अपनी मूल अवधारणा के अनुरूप सुविधायुक्त बन सकेगा।



