उत्तर प्रदेशलखनऊ

Lucknow:कमता बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मियों का विरोध, डग्गामार वाहनों के संचालन पर उठे सवाल*

कमता बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मियों का विरोध, डग्गामार वाहनों के संचालन पर उठे सवाल

रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज

लखनऊ। अयोध्या रोड स्थित कमता अवध बस स्टैंड पर निजी वाहनों के संचालन को लेकर रोडवेज कर्मचारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। डग्गामार वाहनों के जरिए सवारियां ले जाने और रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या कम होने का मुद्दा उठाते हुए बड़ी संख्या में परिवहन कर्मी विरोध दर्ज कराने के लिए जुट रहे हैं।

रोडवेज कर्मियों का आरोप है कि कमता बस स्टैंड के आसपास बड़ी संख्या में निजी कारें सवारियों को लेकर संचालित हो रही हैं। इससे रोडवेज बसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे हैं और बसें खाली या कम सवारियों के साथ रवाना हो रही हैं।

लोड फैक्टर का दबाव, ड्राइवर-कंडक्टर परेशान

कर्मचारियों का कहना है कि बसों में यात्रियों की संख्या कम होने के बावजूद उन पर निर्धारित लोड फैक्टर पूरा करने का दबाव रहता है। यात्रियों की कमी का असर उनके कामकाज पर पड़ता है और लक्ष्य पूरा नहीं होने पर ड्राइवरों तथा कंडक्टरों से रिकवरी किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

इसी मुद्दे को लेकर परिवहन कर्मियों में नाराजगी बढ़ रही है। कर्मचारियों की मांग है कि बस स्टैंड के आसपास निजी वाहनों द्वारा सवारियां भरने के मामले की जांच कराई जाए और नियमों के विरुद्ध संचालन पर कार्रवाई की जाए।

सवाल यह है कि रोडवेज बस स्टैंड के आसपास निजी वाहनों का संचालन किसकी निगरानी में हो रहा है? यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है, तो जिम्मेदार विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा? वहीं, बसों में सवारियां कम मिलने का बोझ कर्मचारियों पर डालने के बजाय परिवहन विभाग को इस समस्या के मूल कारणों की भी जांच करनी चाहिए।

अब देखना होगा कि परिवहन विभाग रोडवेज कर्मियों की शिकायतों पर क्या कदम उठाता है और कमता बस स्टैंड के आसपास निजी वाहनों के संचालन को लेकर क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Back to top button