Lucknow:नगर निगम कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति में देरी पर कर्मचारी संघ ने उठाई आवाज

नगर निगम कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति में देरी पर कर्मचारी संघ ने उठाई आवाज
लखनऊ। नगर निगम में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति भुगतान में हो रही देरी को लेकर उत्तर प्रदेश नगर निगम कर्मचारी संघ ने नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। संघ ने आरोप लगाया है कि इलाज के बाद चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए भेजी गई पत्रावलियों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब हो रहा है, जिससे कर्मचारियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ के अध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि कई कर्मचारियों और पेंशनरों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति की फाइलें करीब तीन माह से लंबित पड़ी हैं। भुगतान न होने के कारण कई कर्मचारियों का इलाज प्रभावित हो रहा है, जो अत्यंत दुखद और चिंताजनक स्थिति है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए नियम और बजट दोनों का प्रावधान होने के बावजूद भुगतान प्रक्रिया में तेजी नहीं दिखाई जा रही है। वर्तमान में बड़ी संख्या में चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़ी पत्रावलियां भुगतान के लिए लंबित हैं।
कर्मचारी संघ ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए लंबित भुगतान जल्द से जल्द जारी किए जाएं, ताकि कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों को राहत मिल सके।



