लखनऊ

सीतापुर रोड पर एलडीए की बड़ी आवासीय योजना, 900 एलआईजी और ईडब्ल्यूएस फ्लैट बनेंगे

सीतापुर रोड पर एलडीए की बड़ी आवासीय योजना, 900 एलआईजी और ईडब्ल्यूएस फ्लैट बनेंगे

लखनऊ। राजधानी में मध्यम और अल्प आय वर्ग के लोगों को किफायती दरों पर आवास उपलब्ध कराने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) बड़ी आवासीय परियोजना शुरू करने जा रहा है। एलडीए सीतापुर रोड पर शिया पीजी कॉलेज के पास लगभग 16,000 वर्गमीटर कब्जामुक्त नजूल भूमि पर करीब 900 एलआईजी और ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का निर्माण करेगा।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि परियोजना के तहत 582 एलआईजी और 336 ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैट बनाए जाएंगे। एलआईजी श्रेणी के 2 बीएचके फ्लैट लगभग 50 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे, जिनकी कीमत करीब 35 लाख रुपये रखी जाएगी। वहीं ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 1 बीएचके फ्लैट लगभग 38 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे, जिनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये होगी।

उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए विस्तृत कार्ययोजना और ले-आउट प्लान तैयार कर लिया गया है तथा जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

एलडीए के अनुसार यह परियोजना मुख्य सीतापुर रोड पर विकसित होगी, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग की सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। आसपास स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बाजार, मॉल और रेलवे स्टेशन जैसी सभी सुविधाएं पहले से मौजूद हैं।

परियोजना में आधुनिक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। सभी टावर आपस में इंटरकनेक्ट होंगे तथा 8 पैसेंजर और 3 सर्विस लिफ्ट लगाई जाएंगी। इसके अलावा 600 से अधिक वाहनों के लिए बेसमेंट और स्टिल्ट पार्किंग की व्यवस्था होगी। करीब 3000 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्क और ग्रीन एरिया भी विकसित किया जाएगा।

🔴 सीतापुर रोड पर एलडीए बनाएगा 900 फ्लैट
🔴 मध्यम और अल्प आय वर्ग को बड़ी राहत
🔴 15 लाख में मिलेगा ईडब्ल्यूएस फ्लैट
🔴 35 लाख में 2BHK एलआईजी आवास
🔴 शिया पीजी कॉलेज के पास बनेगी परियोजना
🔴 600 वाहनों के लिए होगी पार्किंग
🔴 आधुनिक लिफ्ट और ग्रीन एरिया की सुविधा
🔴 एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने दी मंजूरी

Related Articles

Back to top button