ईंधन बचत और संसाधन संरक्षण को लेकर योगी सरकार सख्त, वीआईपी फ्लीट में 50% कटौती के निर्देश

ईंधन बचत और संसाधन संरक्षण को लेकर योगी सरकार सख्त, वीआईपी फ्लीट में 50% कटौती के निर्देश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद प्रदेश में ईंधन बचत, संसाधन संरक्षण और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए बड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, डीजीपी तथा सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिवों के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य वीआईपी की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी की जाए तथा अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ईंधन की खपत कम करने के लिए मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। साथ ही सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” आयोजित करने की भी अपील की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी बैठकों, सेमिनारों, वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस का आयोजन अधिकतम वर्चुअल माध्यम से किया जाए। राज्य सचिवालय और निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकों को ऑनलाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने मेट्रो, पीएनजी, सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहन, साइक्लिंग और कार पूलिंग को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। जिन शहरों में मेट्रो संचालित हो रही है, वहां लोगों से अधिकतम उपयोग करने की अपील की गई है। वहीं पीक ऑवर में ट्रैफिक और ईंधन खपत कम करने के लिए कार्यालय समय को अलग-अलग बैचों में विभाजित करने का सुझाव भी दिया गया।
मुख्यमंत्री ने बिजली बचत पर भी जोर देते हुए सरकारी और निजी संस्थानों में अनावश्यक बिजली उपयोग रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और कॉम्प्लेक्स में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का न्यूनतम उपयोग किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अगले छह माह तक गैर जरूरी विदेशी यात्राएं टालने, अनावश्यक सोने की खरीदारी से बचने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यूपी के ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए तथा पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए “विजिट माई स्टेट” अभियान चलाया जाए।
मुख्यमंत्री ने खाद्य तेल की खपत कम करने, नेचुरल फार्मिंग को बढ़ावा देने और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।



