लखनऊ

लखनऊ:-जानकीपुरम विस्तार में गंदे पानी को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, जलकल कार्यालय पर धरना

जानकीपुरम विस्तार में गंदे पानी को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, जलकल कार्यालय पर धरना

रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज

लखनऊ। राजधानी के जानकीपुरम विस्तार क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आ गया। नाराज लोगों ने जलकल विभाग और महाप्रबंधक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जानकीपुरम स्थित जलकल कार्यालय पर धरना शुरू कर दिया।

धरने में जनकल्याण महासमिति के महासचिव विनय कृष्ण पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कुछ महीने पहले भी इसी इलाके में दूषित पानी के कारण डायरिया फैल गया था, जिसमें कई लोग बीमार पड़े थे और मौतों की घटनाएं भी सामने आई थीं। इसके बावजूद जलकल विभाग ने स्थायी समाधान नहीं किया।

धरने पर बैठे लोगों ने शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, पाइपलाइन की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान “जलकल विभाग मुर्दाबाद” और “महाप्रबंधक जवाब दो” जैसे नारे लगाए गए।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button