कंचना बिहारी मार्ग पर बड़ा हादसा होने का खतरा, 11 हजार वोल्ट का बिजली खंभा 25 डिग्री झुका
कंचना बिहारी मार्ग-सोनी होटल के पास कल्याणपुर में मंडरा रहा खतरा

कंचना बिहारी मार्ग पर बड़ा हादसा होने का खतरा, 11 हजार वोल्ट का बिजली खंभा 25 डिग्री झुका
लखनऊ। राजधानी के कल्याणपुर स्थित कंचना बिहारी मार्ग पर बिजली विभाग की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। यहां ट्रांसफार्मर के ठीक सामने लगा 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन का खंभा करीब 25 डिग्री तक झुक गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खंभा किसी भी समय गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
क्षेत्रीय निवासियों के अनुसार, इस खतरनाक स्थिति की जानकारी कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि विभागीय कर्मचारी शिकायत पर सिर्फ यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि “खंभा नहीं गिरेगा।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय के साथ खंभा लगातार और अधिक झुकता जा रहा है। कंचना बिहारी मार्ग व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यदि 11 हजार वोल्ट का यह खंभा गिरता है तो बड़ा हादसा हो सकता है। पास में ट्रांसफार्मर होने के कारण आग लगने और करंट फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग के अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।
क्षेत्रीय जनता ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि किसी अप्रिय घटना से पहले तत्काल खंभे को दुरुस्त कराया जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदर्शन किया जाएगा।



