पीसीएस अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव बने लखनऊ के नए अपर नगर आयुक्त

पीसीएस अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव बने लखनऊ के नए अपर नगर आयुक्त
रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा के तेजतर्रार और युवा पीसीएस अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव को लखनऊ नगर निगम में नया अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। उनका यह तबादला पीसीएस अधिकारी ललित कुमार के स्थानांतरण के बाद किया गया है। प्रशासनिक दक्षता, त्वरित निर्णय क्षमता और डिजिटल कार्यप्रणाली में महारत रखने वाले अभिनव रंजन श्रीवास्तव को एक प्रभावी अधिकारी के रूप में जाना जाता है।
आजमगढ़ जनपद के ग्राम बयासी में 2 जनवरी 1990 को जन्मे अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने वर्ष 2012 की पीसीएस परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। महज 23 वर्ष की आयु में पहले ही प्रयास में टॉप कर उन्होंने नया रिकॉर्ड स्थापित किया।
बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में कदम रखा और 9 सितंबर 2014 से उत्तर प्रदेश शासन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। देवरिया, संतकबीरनगर, फतेहपुर और लखनऊ में उपजिलाधिकारी के रूप में कार्य करने के साथ-साथ वे गोरखपुर में सिटी मजिस्ट्रेट तथा प्रयागराज विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
22 जून 2023 से वह इटावा में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के पद पर कार्यरत थे। इटावा में उनके कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक पारदर्शिता, ई-ऑफिस प्रणाली, राशन वितरण व्यवस्था में सुधार, नकली दवाओं की फैक्ट्रियों पर कार्रवाई, गौशाला प्रबंधन और चुनावी व्यवस्थाओं को लेकर उनके कार्यों की काफी सराहना हुई।
लोकसभा चुनाव और मतदाता पुनरीक्षण कार्य को सफलतापूर्वक संचालित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासनिक कार्यों में तकनीकी दक्षता और टीम प्रबंधन क्षमता के कारण उन्हें आधुनिक और परिणामोन्मुख अधिकारी माना जाता है।



