Blog

लखनऊ;अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, एलडीए ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ की बैठक

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, एलडीए ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ की बैठक

लखनऊ। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शनिवार को विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में योग दिवस के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों और जनभागीदारी बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

एलडीए के अपर सचिव ने बताया कि 21 जून 2026 को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत 15 जून से 21 जून तक अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शहर की विभिन्न आवासीय सोसाइटियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर योग सत्र, जागरूकता अभियान एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपनी-अपनी सोसाइटियों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें तथा नियमित योगाभ्यास को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक संतुलन, तनाव मुक्ति और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि योग सप्ताह के दौरान विभिन्न आवासीय परिसरों में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने योग सप्ताह के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर सहमति व्यक्त की।

इस अवसर पर एलडीए के उप सचिव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button