लखनऊ

ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति की पहल रंग लाई, कुर्सी रोड डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट के लिए छोड़ी गई जगह

ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति की पहल रंग लाई, कुर्सी रोड डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट के लिए छोड़ी गई जगह

रितेश श्रीवास्तव

लखनऊ। कुर्सी रोड पर विकास नगर मोड़ से टेढ़ी पुलिया तक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से बनाए जा रहे डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट पोल लगाने की मांग को लेकर ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति द्वारा उठाई गई आवाज का असर दिखाई देने लगा है। महासमिति की ओर से पीडब्ल्यूडी, मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी को पत्र लिखकर डिवाइडर के बीच मार्ग प्रकाश की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की गई थी।

महासमिति के सचिव विवेक शर्मा ने अपने पत्र में कहा था कि यदि निर्माणाधीन डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं की गई तो रात्रि के समय पूरे मार्ग पर अंधेरा छाया रहेगा, जिससे वाहन चालकों को रास्ता स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देगा और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाएगी। उन्होंने डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर (रेडियम पट्टी) एवं अस्थायी चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की भी मांग की थी।

वहीं महासमिति के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा ने कहा था कि यदि डिवाइडर का निर्माण पूरा होने के बाद स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए उसे दोबारा तोड़ा गया तो इससे सरकारी धन के साथ-साथ जनता के टैक्स के पैसों की भी अनावश्यक बर्बादी होगी। इसलिए निर्माण कार्य के दौरान ही स्ट्रीट लाइट पोल लगाने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

इस मामले का संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सत्येंद्र नाथ ने तत्काल निर्देश जारी करते हुए कहा कि निर्माणाधीन डिवाइडर के बीच-बीच में मार्ग प्रकाश के पोल लगाए जाने के लिए पर्याप्त स्थान छोड़ा जाए, ताकि भविष्य में बिना किसी अतिरिक्त तोड़फोड़ के स्ट्रीट लाइट स्थापित की जा सकें।

अधिशासी अभियंता के निर्देश के अनुपालन में क्षेत्र के अवर अभियंता महातम यादव मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण कर डिवाइडर के बीच-बीच में स्ट्रीट लाइट पोल लगाने हेतु आवश्यक स्थान चिन्हित कर छोड़ने की व्यवस्था कराई। इस पहल के बाद अब संबंधित विभाग, विशेष रूप से नगर निगम, इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई कर सकेगा।

स्थानीय नागरिकों ने ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होने से दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी तथा राहगीरों एवं वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button