निशातगंज में गिरा ढाई सौ साल पुराना हरा-भरा बरगद का पेड़, LDA करेगा कटने की बजाय बचाने की पहल
(रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज)
स्थानीय निवासियों की अपील पर LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लिया संज्ञान, उद्यान विभाग को पेड़ को दोबारा स्थापित करने के दिए निर्देश
लखनऊ। निशातगंज क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के कारण जड़ समेत गिरा करीब 250 वर्ष पुराना हरा-भरा पेड़ अब कटने के बजाय दोबारा जीवन पाने की उम्मीद में है। पेड़ को बचाने के लिए स्थानीय निवासियों ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष से निवेदन किया ।
स्थानीय लोगों को जानकारी मिली थी कि लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा हाल ही में करीब 80 वर्ष पुराने विशाल पेड़ को विशेष प्रक्रिया के तहत एक स्थान से दूसरे स्थान पर सफलतापूर्वक स्थापित किया गया है। इसी से प्रेरित होकर निशातगंज के निवासियों ने एलडीए उपाध्यक्ष से अपील की कि गिर चुके इस ऐतिहासिक और हरे-भरे पेड़ को काटने के बजाय विशेषज्ञों की मदद से दोबारा खड़ा कर बचाने का प्रयास किया जाए।
स्थानीय निवासियों की इस अपील को गंभीरता से लेते हुए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मामले का संज्ञान लिया और उद्यान विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब उद्यान विभाग की टीम पेड़ की स्थिति का निरीक्षण कर उसे दोबारा स्थापित करने की संभावनाओं पर काम करेगी।
बताया जा रहा है कि पेड़ गिरने के बावजूद अभी भी हरा-भरा है और उसकी जड़ों का एक बड़ा हिस्सा मिट्टी से जुड़ा हुआ है। ऐसे में विशेषज्ञों की मदद से इसे दोबारा खड़ा कर स्थिर करने की संभावना तलाशी जा रही है।
पेड़ कटे नहीं, फिर से हरा हो—यही है स्थानीय लोगों की उम्मीद
निशातगंज के निवासियों का कहना है कि यह सिर्फ एक पेड़ नहीं बल्कि क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत का हिस्सा है। इतने पुराने पेड़ को काट देना अंतिम विकल्प नही होना चाहिए। यदि वैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके से इसे दोबारा स्थापित कर बचाया जा सकता है तो हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए।
एलडीए की ओर से मामले का संज्ञान लिए जाने के बाद अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि विशेषज्ञों की निगरानी में यह विशाल पेड़ दोबारा अपने पैरों पर खड़ा होगा और आने वाले वर्षों में फिर से उसी तरह हरियाली देगा। जिसकी प्रक्रिया अब शुरू हो चुकी है , उद्यान विभाग ने मौके का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्यवाई शुरू कर दी।
“कटेगा नहीं, फिर खड़ा होगा 250 साल पुराना पेड़! निशातगंज के लोगों की गुहार पर LDA उपाध्यक्ष ने लिया संज्ञान”