15 अगस्त को जनभवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह, लखनऊ में कई मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

15 अगस्त को जनभवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह, लखनऊ में कई मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के मद्देनजर 15 अगस्त को जनभवन में झंडारोहण एवं स्वल्पाहार कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान वीआईपी आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लखनऊ यातायात पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन की व्यवस्था जारी की है।
यातायात पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को प्रातः 8 बजे झंडारोहण कार्यक्रम तथा अपराह्न 4 बजे स्वल्पाहार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके चलते आवश्यकतानुसार निम्न मार्गों पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित अथवा परिवर्तित रहेगा।
बंदरियाबाग चौराहा: यहां से सामान्य यातायात जनभवन, डीएसओ चौराहा और हजरतगंज की ओर नहीं जा सकेगा। वाहन गोल्फ क्लब चौराहा अथवा एसएन ओवरब्रिज होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
लालबत्ती चौराहा: प्रेरणा केन्द्र तिराहा, एनेक्सी तिराहा और सिसेण्डी तिराहा की ओर जाने वाला यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन बंदरियाबाग चौराहा, गोल्फ क्लब चौराहा या एसएन ओवरब्रिज होकर आगे जा सकेंगे।
हजरतगंज चौराहा: डीएसओ चौराहा और बंदरियाबाग चौराहा की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन पार्क रोड चौराहा होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
रॉयल होटल चौराहा: सिसेण्डी तिराहा, डीएसओ चौराहा, एनेक्सी तिराहा और प्रेरणा केन्द्र तिराहा की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन हजरतगंज चौराहा अथवा बलिग्टन चौराहा होकर आगे जा सकेंगे।
इसके अलावा 15 अगस्त को डीएसओ चौराहा से पार्क रोड चौराहा तथा पार्क रोड चौराहा से हजरतगंज चौराहा तक एकल मार्ग व्यवस्था निलंबित रहेगी।
एम्बुलेंस को मिलेगी अनुमति
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चिकित्सकीय आपात स्थिति में, यदि कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं है, तो एम्बुलेंस सहित आवश्यक आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंधित मार्ग से भी कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक पुलिस/स्थानीय पुलिस द्वारा अनुमति दी जाएगी।
आमजन किसी भी आवश्यक यातायात सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।
यातायात पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आम नागरिकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का प्रयोग करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।



