लखनऊ

लखनऊ-मंत्री सुरेश खन्ना के निरीक्षण के बाद अवैध कबाड़ फैक्ट्रियों पर कार्रवाई, दो प्रतिष्ठान सील

मंत्री सुरेश खन्ना के निरीक्षण के बाद अवैध कबाड़ फैक्ट्रियों पर कार्रवाई, दो प्रतिष्ठान सील

जोन-3 में नगर निगम की कार्रवाई, सफाई इंस्पेक्टर सुमित मिश्रा व पुष्कर पटेल ने वसूला 20 हजार रुपये जुर्माना

लखनऊ। नगर निगम जोन-3 क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कबाड़ की दुकानों और फैक्ट्रियों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। जोनल अधिकारी के निर्देश पर सफाई इंस्पेक्टर सुमित मिश्रा और पुष्कर पटेल ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए अवैध कबाड़ प्रतिष्ठानों को सील कराया और 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया।

दरअसल, गुरुवार को प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर निगम लखनऊ के जोन-3 का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कबाड़ फैक्ट्रियों को बंद कराने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बाद नगर निगम की टीम ने बंधा  रोड पर यश नगर स्थित कबाड़ फैक्ट्री तथा वार्ड फैजुल्लागंज द्वितीय में त्रिकोणेश्वर मंदिर के पास संचालित कबाड़ फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई की। नगर निगम के पत्र के अनुसार इन प्रतिष्ठानों से आसपास के क्षेत्र में गंदगी फैलने और मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत/स्थिति सामने आई थी।

कबाड़ फैक्ट्री सील, एफआईआर की भी तैयारी

इसके अलावा मो. रफीक खान पुत्र मो. मुमताज, निवासी 480/228 बाग शाही जी बाग, सीतापुर रोड, खदरा निराला नगर लखनऊ द्वारा संचालित कबाड़ की दुकान को भी सील कर दिया गया।

नगर निगम के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक पुष्कर सिंह पटेल द्वारा जारी पत्र में अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठान के संबंध में संबंधित थाने से सुसंगत धाराओं में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।

नगर निगम की कार्रवाई से अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कबाड़ प्रतिष्ठानों, गंदगी और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button