लखनऊ में बसने जा रहा नया शहर! 1035 एकड़ में LDA का मेगा प्रोजेक्ट, स्टेट कैपिटल रीजन को मिलेगी नई रफ्तार
इन 6 गांवों की जमीन पर बनेगा मेगा प्रोजेक्ट, किसानों और निवेशकों के लिए बड़ी खबर

लखनऊ में बसने जा रहा नया शहर! 1035 एकड़ में LDA का मेगा प्रोजेक्ट, स्टेट कैपिटल रीजन को मिलेगी नई रफ्तार
रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विकास को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) आगरा एक्सप्रेस-वे के किनारे लगभग 1035 एकड़ क्षेत्रफल में ‘वशिष्ठ नगर योजना’ विकसित करने जा रहा है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत प्रस्तावित यह परियोजना उत्तर प्रदेश स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के लिए ग्रोथ इंजन साबित हो सकती है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि योजना का विस्तृत खाका तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद किसानों की सहमति एवं अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं के माध्यम से भूमि संकलन का कार्य शुरू किया जाएगा। इस पर भूमि अधिग्रहण के लिए करीब 1328 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि वशिष्ठ नगर योजना का उद्देश्य राजधानी में औद्योगिक विकास, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, निवेश और रोजगार को नई गति देना है। यहां विश्वस्तरीय औद्योगिक अवसंरचना, आधुनिक रोड नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स हब और पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किए जाएंगे।
विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी होगी सबसे बड़ी ताकत
यह योजना आगरा एक्सप्रेस-वे, मोहन रोड, लिंक एक्सप्रेस-वे और वरुण विहार योजना से सीधे जुड़ी होगी। इसके अलावा यहां अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल विकसित करने की भी योजना है, जिससे परिवहन और व्यापार को बड़ा लाभ मिलेगा।
इन गांवों की भूमि होगी शामिल
एलडीए के अनुसार वशिष्ठ नगर योजना के लिए रेवरी, भलिया, गहलवारा, आदमपुर इन्दवारा, बहरू और जलियामऊ गांवों की लगभग 1035 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। शासन से मंजूरी मिलते ही भूमि जुटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
रोजगार और निवेश का नया केंद्र बनेगा वशिष्ठ नगर
एलडीए का मानना है कि यह योजना स्टेट कैपिटल रीजन में बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित करने, बाहरी निवेश आकर्षित करने और हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही राजधानी लखनऊ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



