नगर निगम लखनऊलखनऊ

लखनऊ नगर निगम में चला अतिक्रमण पर बड़ा अभियान-पाँच जोनों में हुई कार्यवाई

अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम का बड़ा अभियान

अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम का बड़ा अभियान

-शहर के पांच जोनों में एक साथ कार्रवाई, अवैध कब्जे हटाए, सामान जब्त कर वसूला जुर्माना

– नगर आयुक्त  गौरव कुमार के निर्देश पर सड़कों और नाली-नालों को अतिक्रमण मुक्त कराने पर जोर

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में अवैध अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर गुरुवार को जोन-3, 4, 5, 7 और 8 में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़कों, फुटपाथों और नाली-नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए। कई स्थानों से ठेले, गुमटियां और काउंटर हटाने के साथ सामान जब्त किया गया। वहीं गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के खिलाफ भी जुर्माने की कार्रवाई की गई।

जोन-3: केंद्रीय भवन से पुरनिया चौराहे तक हटाया अतिक्रमण

जोन-3 में जोनल अधिकारी  अजीत राय के निर्देशन में केंद्रीय भवन से पुरनिया चौराहे तक अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 15 से 20 दुकानों के अवैध अतिक्रमण को हटाया गया और एक काउंटर जब्त किया गया। अतिक्रमण करने वालों से कुल 8 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। जोन-3 में हटाए गए अतिक्रमण वाले स्थानों पर दोबारा अवैध कब्जा न हो, इसके लिए भी नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

जोन-4: अंबेडकर चौराहे से लोहिया पार्क तक चला अभियान

जोन-4 में जोनल अधिकारी  शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में अंबेडकर चौराहे से लोहिया पार्क चौराहा और मातृ-शिशु अस्पताल गोमती नगर विस्तार से पुलिस मुख्यालय के आसपास तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। नगर निगम के प्रवर्तन दल-296 और ईटीएफ की मौजूदगी में अवैध अतिक्रमण हटाकर बाधित यातायात को सुचारू कराया गया। अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों से 13,100 रुपये का जुर्माना वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराया गया।

जोन-5: ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे से हटाए ठेले और गुमटियां

जोन-5 में ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे किए गए अस्थायी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 9 ठेले, 3 गुमटियां और 4 काउंटर हटाए गए। अतिक्रमण करने वालों को दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी भी दी गई। अतिक्रमण के खिलाफ 2 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। साथ ही गंदगी और पॉलीथीन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 हजार रुपये का अतिरिक्त शमन शुल्क वसूला गया।

जोन-5 की कार्रवाई जोनल अधिकारी  विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान में कर अधीक्षक  सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी  सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक पीयूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक  सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल-296 एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

जोन-7: पॉलिटेक्निक से कमता तक अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

जोन-7 में जोनल अधिकारी  विकास सिंह के नेतृत्व में सड़कों के दोनों किनारों और नाली-नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। पॉलिटेक्निक से कमता तक तथा इंदिरा नगर सेक्टर-22 गोल चौराहे के आसपास अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान 3 लोहे के काउंटर, एक ठेलिया और 2 बेंच जब्त की गईं। इसके अलावा 4 लोहे के काउंटर, 5 ठेले, 6 ठेलियां और 2 गुमटियां हटाई गईं।

जोन-7 में अभियान के दौरान कर अधीक्षक श्री विनय मौर्या सहित ईटीएफ और नगर निगम के प्रवर्तन दल-296 की टीम मौजूद रही। नगर निगम की ओर से अतिक्रमण करने वालों को दोबारा सड़क, फुटपाथ और नाली-नालों पर कब्जा न करने की चेतावनी भी दी गई।

जोन-8: तेलीबाग में 20 से अधिक दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच, एक किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, 15,800 रुपये जुर्माना वसूला

जोन-8 में जोनल अधिकारी  आशीष सिंह के निर्देशन में रायबरेली रोड स्थित तेलीबाग क्षेत्र में गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 20 से अधिक दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। गंदगी मिलने पर 11,800 रुपये और प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं पॉलीथीन पाए जाने पर 4 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जोन-8 की कार्रवाई में करीब एक किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक भी जब्त किया गया। अभियान के दौरान कुल 15,800 रुपये का जुर्माना वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराया गया। कार्रवाई में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री जितेंद्र कुमार गांधी, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक  मो. नईम, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक  वीरभद्र सिंह,  सत्येंद्रनाथ सहित प्रवर्तन दल और 296 टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button