UP“28 मार्च तक हर हाल में खर्च हो पूरा बजट, निर्माण कार्य समय से पूरे हों: मंत्री धर्मपाल सिंह”

“28 मार्च तक हर हाल में खर्च हो पूरा बजट, निर्माण कार्य समय से पूरे हों: मंत्री धर्मपाल सिंह”
लखनऊ, 24 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि चालू वित्तीय वर्ष में आवंटित धनराशि का 28 मार्च तक शत-प्रतिशत उपयोग हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्थिति में बजट सरेंडर न किया जाए और एक भी रुपया लैप्स न होने पाए।
विधान भवन स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जिन योजनाओं या कार्यों का भुगतान लंबित है, उन्हें तत्काल पूरा किया जाए। साथ ही निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर उनकी उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) शीघ्र प्रस्तुत की जाए।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए योजनाओं की नियमित निगरानी, समय पर बजट आवंटन और उसके प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने गौ संरक्षण एवं संवर्द्धन पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गौशालाओं में निराश्रित गोवंश के लिए गर्मी और लू से बचाव हेतु स्वच्छ पेयजल, चारा और तिरपाल जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
इसके अलावा, नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम और लघु पशुपालन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसानों और पशुपालकों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ें।
बैठक में अपर मुख्य सचिव ने विभाग की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की जानकारी दी और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से बजट स्वीकृति एवं धनराशि उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान निदेशक प्रशासन एवं विकास डॉ. मेमपाल सिंह, निदेशक रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



