UP“निवेश मित्र 3.0 बना यूपी की औद्योगिक क्रांति का आधार, 9 साल में 3367 लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी: नन्दी”

“निवेश मित्र 3.0 बना यूपी की औद्योगिक क्रांति का आधार, 9 साल में 3367 लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी: नन्दी”
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति को नई दिशा देने वाले “निवेश मित्र 3.0” का शुभारम्भ मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लोकभवन, लखनऊ में भव्य कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लेटर ऑफ कम्फर्ट और सब्सिडी वितरण भी किया गया। मंत्री नन्दी ने अपने खास अंदाज में मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा—
“काबिल-ए-तारीफ है अंदाज एक-एक काम का,
गा रहा है गीत यूपी योगी जी के नाम का…”
उन्होंने कहा कि सरकार की स्पष्ट नीतियों और मजबूत नियत के चलते प्रदेश में निवेश का अभूतपूर्व माहौल बना है, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। “निवेश मित्र” को उन्होंने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का “स्वर्णिम शिलालेख” बताया।
मंत्री नन्दी ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में 3,367 लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी किए गए हैं, जो लगभग 200 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि को दर्शाता है। साथ ही, सब्सिडी वितरण में भी 6 गुना वृद्धि दर्ज की गई है, जो सरकार की प्रतिबद्धता और पारदर्शिता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि निवेश मित्र सिंगल विंडो सिस्टम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को मजबूत किया है, जिससे निवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सरल बनी है। “निवेश मित्र 3.0” के जरिए अब एमओयू से लेकर उत्पादन तक की प्रक्रिया को और तेज, जवाबदेह और सुगम बनाया गया है।
मंत्री नन्दी ने हाल ही में जापान और सिंगापुर के दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के निवेशकों में उत्तर प्रदेश को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जो प्रदेश में आए सकारात्मक बदलाव को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था, सेक्टर आधारित औद्योगिक नीतियां, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश सुरक्षा के चलते उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में शामिल हो गया है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने उत्साहपूर्ण अंदाज में कहा—
“अमन में है यूपी का गुलशन, योगी जी को जिंदाबाद,
बोल रही है धड़कन-धड़कन, योगी जी को जिंदाबाद…”
इस कार्यक्रम के साथ ही उत्तर प्रदेश ने औद्योगिक विकास के नए युग में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा दिया है।



