लखनऊ

लखनऊ- होली की तैयारियों में जुटा नगर निगम- नगर आयुक्त ने चौक इलाके में किया निरीक्षण

होली की तैयारियों को लेकर नगर निगम सक्रिय, नगर आयुक्त ने किया चौक क्षेत्र का निरीक्षण

होली की तैयारियों को लेकर नगर निगम सक्रिय, नगर आयुक्त ने किया चौक क्षेत्र का निरीक्षण

लखनऊ: आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने चौक क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उन प्रमुख मार्गों और स्थानों का जायजा लिया, जहां से होली के अवसर पर पारंपरिक जुलूस निकलते हैं।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न रहे और आमजन को आवागमन में कोई असुविधा न हो। उन्होंने अधिशासी अभियंता को सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक पैच वर्क तत्काल कराने के निर्देश दिए, ताकि गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को समय रहते ठीक किया जा सके। साथ ही जोनल सेनेटरी ऑफिसर को क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने नालियों की सफाई, कूड़ा उठान और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त  गौरव कुमार चरक चौराहे के पास पहुंचे, जहां जलकल विभाग द्वारा पानी की पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि होली के दौरान जलापूर्ति बाधित न हो और मार्ग भी सुचारु रूप से उपलब्ध रहे।
इसके अतिरिक्त टंडन जी फुहारा के पास स्थित सिर कटा नाला की क्षतिग्रस्त दीवार का भी निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि दीवार की मरम्मत कार्य को शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button