लखनऊ
लखनऊ नगर निगम:OTS और हाउस टैक्स वसूली को लेकर सख्त हुए मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय-3 दिन का अल्टीमेटम
कर अधीक्षकों और राजस्व निरीक्षकों को शुक्रवार तक लक्ष्य पूरा करने का अल्टीमेटम, बड़े बकायेदारों के OTS आवेदन पर विशेष जोर

OTS और टैक्स वसूली को लेकर सख्त हुए मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय
कर अधीक्षकों और राजस्व निरीक्षकों को शुक्रवार तक लक्ष्य पूरा करने का अल्टीमेटम, बड़े बकायेदारों के OTS आवेदन पर विशेष जोर
रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज
लखनऊ। नगर निगम में हाउस टैक्स वसूली और वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना को लेकर अब अधिकारियों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय ने कर अधीक्षकों, राजस्व निरीक्षकों और राजस्व वसूली से जुड़े कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए शुक्रवार तक लंबित कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा है।
सूत्रों के अनुसार अधिकारियों को स्पष्ट किया गया है कि OTS आवेदन की स्थिति में सुधार के साथ-साथ नकारात्मक चल रही वसूली को सकारात्मक स्तर पर लाना प्राथमिकता होनी चाहिए। विशेष रूप से उन बड़े बकायेदारों पर फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनके नाम पूर्व में समाचार पत्रों में प्रकाशित किए जा चुके हैं। ऐसे बड़े बकायेदारों से OTS के तहत आवेदन कराकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराने पर जोर दिया गया है।
वसूली न सुधरी तो अधिकारियों के कार्यप्रणाली की होगी समीक्षा
विभागीय सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली का विस्तृत आकलन भी किया जाएगा। इसमें उनके द्वारा किए गए नए कर निर्धारण, कर पुनरीक्षण, OTS की प्रगति, हाउस टैक्स वसूली तथा नामांतरण आवेदन पत्रों की जांच की स्थिति को शामिल किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इन सभी बिंदुओं से संबंधित आंकड़ों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर उच्च स्तर पर भेजे जाने की तैयारी है। निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय स्तर पर कठोर कार्रवाई की संस्तुति की जा सकती है।
लखनऊ के आठो जोनों पर फोकस
सूत्रों का कहना है कि सभी जोनों में राजस्व वसूली से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रगति को लेकर असंतोष जताया गया है। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आने पर अब अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने के लिए कहा गया है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि OTS और नकारात्मक वसूली को सकारात्मक स्थिति में लाना वर्तमान समय में राजस्व विभाग के लिए प्रमुख प्राथमिकता है।
तीन दिन में कार्यप्रणाली सुधारने का निर्देश
विभागीय सूत्रों के अनुसार अधिकारियों को अब बेहद कम समय में अपनी गतिविधियों और वसूली की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार तक बैकलॉग और निर्धारित गतिविधियों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कठोरतम कार्रवाई का प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजे जाने की चेतावनी दी गई है।
नगर निगम में वित्तीय वर्ष की राजस्व वसूली को लेकर पहले से ही अधिकारियों पर लक्ष्य पूरा करने का दबाव है। ऐसे में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के सख्त रुख के बाद अब कर अधीक्षकों और राजस्व निरीक्षकों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ने की संभावना है।



