लखनऊ

लखनऊ-नारियल फूटा, शिलान्यास हुआ, फिर भी LDA की सड़क का काम अधूरा

सृष्टि अपार्टमेंट से सरगम व सुलभ आवास तक बदहाल सड़क को लेकर विवेक शर्मा ने उठाए सवाल, बोले- अब ठेकेदारों की आरती उतारनी पड़ेगी?

नारियल फूटा, शिलान्यास हुआ, फिर भी सड़क का काम अधूरा

सृष्टि अपार्टमेंट से सरगम व सुलभ आवास तक बदहाल सड़क को लेकर विवेक शर्मा ने उठाए सवाल, बोले- अब ठेकेदारों की आरती उतारनी पड़ेगी?

लखनऊ। विकास कार्यों के शिलान्यास के बाद भी सड़क निर्माण शुरू न होने को लेकर ग्रेटर लखनऊ जन कल्याण महासमिति के महासचिव विवेक शर्मा ने लखनऊ विकास प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सृष्टि अपार्टमेंट से सरगम और सुलभ आवास तक जाने वाली बदहाल सड़क को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के ठेकेदारों पर तंज कसा है।

विवेक शर्मा का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए नारियल फूट चुका है और विकास कार्य का शिलान्यास भी हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। उनका आरोप है कि प्राधिकरण के जोन-5 में तैनात अभियंताओं की ओर से लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद संबंधित ठेकेदार सड़क निर्माण शुरू नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अब ऐसा लगता है कि प्राधिकरण उपाध्यक्ष को स्वयं आरती की थाल सजाकर कार्यदायी संस्थाओं के ‘पैराशूट’ ठेकेदारों की नजर उतारनी पड़ेगी, तभी शायद सड़क निर्माण का काम आगे बढ़ सके।

बदहाल सड़क से परेशान हैं स्थानीय लोग

सृष्टि अपार्टमेंट से सरगम और सुलभ आवास की ओर जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह खराब सतह और गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विवेक शर्मा ने कहा कि यह सड़क रोजाना लोगों की परेशानी का कारण बन रही है और इसके सुधार की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि यदि निवेदन और लगातार अनुरोध के बावजूद काम शुरू नहीं हो रहा है तो जिम्मेदार अधिकारियों को मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यदायी संस्था और संबंधित ठेकेदार से जवाब मांगना चाहिए।

‘आरती वाली प्रक्रिया’ अपनाने पर मजबूर न हों अधिकारी

विवेक शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि अगर सामान्य तरीके से सड़क निर्माण शुरू कराने में सफलता नहीं मिल रही है तो क्या अब ‘आरती वाली प्रक्रिया’ अपनानी पड़ेगी? उन्होंने उम्मीद जताई कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की दिशा में ठोस कार्रवाई करेंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शिलान्यास के बाद सड़क निर्माण को लेकर उम्मीद जगी थी, लेकिन काम शुरू नहीं होने से उनकी परेशानी जस की तस बनी हुई है। अब देखना होगा कि प्राधिकरण इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Related Articles

Back to top button