रोडवेज चालकों की अवध डिपो में हुई मीटिंग, कर्मचारियों ने उठाई समस्याओं पर आवाज लगाए नारे

अवध डिपो में हुई मीटिंग, कर्मचारियों ने उठाई समस्याओं पर आवाज लगाए नारे
रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज
कम होते लोड फैक्टर और भुगतान में कटौती को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी
लखनऊ। अवध डिपो में गुरुवार को कर्मचारियों की मीटिंग आयोजित की गई। इस दौरान कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, वर्तमान परिस्थितियों और कार्यस्थल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में लगातार कम हो रहे लोड फैक्टर का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों का कहना है कि कम लोड फैक्टर के कारण उनके प्रोत्साहन और भुगतान में कटौती हो रही है। इसके साथ ही कर्मचारियों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाहियों को लेकर भी कर्मचारियों ने नाराजगी जताई।
कर्मचारियों ने कहा कि लगातार कम होती आय का पूरा दबाव केवल चालक-परिचालकों पर डालना उचित नहीं है। उनका कहना है कि कम लोड फैक्टर और निगम की घटती आय के वास्तविक कारणों की भी समीक्षा कर उन पर प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए।
मीटिंग के दौरान कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपने जायज अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं विधिसम्मत तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
कर्मचारियों ने कहा कि वे अपनी समस्याओं को लेकर एकजुट हैं और भविष्य में भी अपनी मांगों एवं अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे। बैठक के दौरान “कर्मचारी एकता जिंदाबाद” और “रोडवेज बचाओ-कर्मचारी बचाओ” के नारे भी लगाए गए।



