लखनऊ-फैजुल्लागंज में बाढ़ का प्रकोप: महापौर की अनुपस्थिति से जनता में भारी आक्रोश, सपा नेत्री पूजा शुक्ला का हमला

फैजुल्लागंज में बाढ़ का प्रकोप: महापौर की अनुपस्थिति से जनता में भारी आक्रोश, सपा नेत्री पूजा शुक्ला का हमला
Ritesh Srivastava
लखनऊ:
राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच स्थानीय नागरिकों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया है। जलभराव और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे फैजुल्लागंज के बाढ़ पीड़ितों ने शहर की महापौर की क्षेत्र में गैरमौजूदगी को लेकर गहरा असंतोष और नाराजगी व्यक्त की है।
मामले ने अब सियासी तूल भी पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी (सपा) की *नेत्री पूजा शुक्ला ने महापौर पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि जब शहर की जनता बाढ़ और संकट की स्थिति से जूझ रही है,* तब महापौर शहर से बाहर भ्रमण करने में व्यस्त हैं। पूजा शुक्ला ने कहा कि आपदा के समय जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच होना प्राथमिक कर्तव्य है, लेकिन महापौर की इस गैरमौजूदगी ने नगर निगम की संवेदनहीनता को उजागर कर दिया है।
*जलभराव और बीमारियों का खतरा*
फैजुल्लागंज क्षेत्र में निचले इलाकों में पानी भर जाने से सैकड़ों घरों का संपर्क टूट गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जलभराव के कारण न केवल पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गई है, बल्कि संक्रामक बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। लोगों का आरोप है कि जल निकासी के लिए नगर निगम द्वारा किए गए इंतजाम पूरी तरह नाकाफी साबित हुए हैं।
महापौर के न पहुंचने से आक्रोशित जनता अब काफी नाराज है, हलाकि खबर लिखे जाने तक महापौर के शहर में न होने का कारण अभी तक स्पष्ट नही हो पाया है।
फिलहाल, फैजुल्लागंज व आस पास के निवासी जल स्तर घटने और राहत कार्य में तेजी आने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि विपक्षी दल इस मुद्दे पर नगर निगम और सत्ता पक्ष को लगातार घेरने में जुटे हैं।




