लखनऊ

अब नैमिष नगर में मिट्टी का खनन किया तो LDA कराएगा एफआईआर-LDA उपाध्यक्ष ने दिए निर्देश

आई0आई0एम0-रैथा रोड का होगी चौड़ीकरण, दाऊद नगर में नागरिकों की सुविधा के लिए जल्द खुलेगा कल्याण मण्डप

नैमिष नगर में अवैध खनन करने वालों पर दर्ज होगी एफ0आई0आर

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने योजना का निरीक्षण कर तत्काल कार्रवाई करने के दिये आदेश

आई0आई0एम0-रैथा रोड का होगी चौड़ीकरण, दाऊद नगर में नागरिकों की सुविधा के लिए जल्द खुलेगा कल्याण मण्डप

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरूवार को नैमिष नगर योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों से बैनामा करायी गयी भूमि पर अवैध खनन मिलने पर उपाध्यक्ष ने अफसरों को फटकार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ एफ0आई0आर दर्ज कराने के आदेश दिये हैं।

एलडीए सीतापुर रोड पर लगभग 4035 एकड़ क्षेत्रफल में नैमिष नगर योजना लाने जा रहा है। जिसके लिए बी0के0टी0 तहसील के ग्राम-भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर की भूमि चिन्हित की गयी है। इस आवासीय योजना में कुल 33 सेक्टर होंगे। प्रथम चरण में फेज-1 के 14 सेक्टरों को लांच करने की तैयारी है, जिसके लिए आच्छादित गांवों में भूमि जुटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। एलडीए यहां किसानों से जमीन की सीधी खरीद कर रहा है। जिसके अंतर्गत लगभग 100 हेक्टेयर भूमि की रजिस्ट्री प्राधिकरण के पक्ष में हो चुकी है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरूवार को पुरवा गांव में बने साइट ऑफिस में अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ जगहों पर अवैध खनन पाया गया। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि ईंट भट्ठे के लोग पहले से यहां मिट्टी निकाल रहे हैं। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि अब जबकि प्राधिकरण उक्त भूमि खरीद चुका है, ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा बिना अनुमति के खनन नहीं किया जा सकता। उनके निर्देश पर अवर अभियंता संजय जैन ने अवैध खनन करने वाले लोगों के खिलाफ एफ0आई0आर0 के लिए सैरपुर थाने में तहरीर दी है।

योजना में शुरू होंगे विकास कार्य

समीक्षा में पाया गया कि सेक्टर-1 एवं सेक्टर-12 में लगभग पूरी जमीन खरीदी जा चुकी है। इसके अलावा कुछ अन्य गांवों में भी काफी भूमि प्राधिकरण को मिल गयी है। इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि जिन गांवों में 60 प्रतिशत से अधिक भूमि की रजिस्ट्री प्राधिकरण के पक्ष में हो गयी है, वहां टेंडर कराकर सड़क, नाली, सीवर आदि विकास कार्य शुरू कराया जाए। इसके अलावा उन्होंने आई0आई0एम0-रैथा रोड का चौड़ीकरण कराने के भी निर्देश दिये।

बल्क रजिस्ट्री के लिए स्थापित करें काउंटर

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी भूमि देने के लिए सहमति पत्र दिये हैं। ऐसे में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में नैमिष नगर योजना के लिए एक अलग काउंटर स्थापित कराया जाए। जिससे कि अपनी भूमि विक्रय करने वाले किसानों की बल्क में रजिस्ट्री करायी जा सके।

दाऊद नगर कल्याण मंडप जल्द खुलेगा

दाऊद नगर में लगभग 7000 वर्गफिट क्षेत्रफल में निर्मित किये जा रहे कल्याण मंडप का भी निरीक्षण किया गया। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि फिनिशिंग के अवशेष कार्यों को 15 दिन के अंदर पूरा कर लिया जाए। जिससे कि कल्याण मंडप को क्षेत्रीय नागरिकों की सुविधा के लिए शीघ्र खोला जा सके। इस मौके पर मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, प्रभारी अधिकारी-अर्जन संगीता राघव व जोनल अधिकारी वंदना पाण्डेय समेत अन्य अधिकारी व अभियंता गण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button