लखनऊ
“एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के सख़्त निर्देश पर , अवैध रेस्टोरेंट से लेकर रो-हाउस तक चला बुलडोज़र”

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार का सख़्त एक्शन, अवैध निर्माणों पर चला बुलडोज़र
रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शहर में फैलते अवैध निर्माणों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए एक बार फिर साफ संदेश दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। उनके स्पष्ट निर्देशों पर एलडीए की प्रवर्तन टीमों ने राजधानी के कई इलाकों में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त और सील किया।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर विभूतिखण्ड स्थित रोहताश प्रेसिडेंशियल अपार्टमेंट की पार्किंग और सेटबैक एरिया में अवैध रूप से संचालित पंजाबी ढाबा (साईं ढाबा) और लिटिल शेफ रेस्टोरेंट को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। आवासीय परिसर की ओपन पार्किंग को कब्जे में लेकर चल रहे इन रेस्टोरेंट्स को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर अब निर्णायक कार्रवाई हुई है।

इसी क्रम में चिनहट के उत्तरधौना स्थित स्प्रिंग गार्डेन फेज-2 में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत नियोजित विकास में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमण को हटाकर वैध निर्माण कार्य का रास्ता साफ कराया गया।
मोहनलालगंज में अवैध प्लाटिंग पर भी गिरी गाज
उपाध्यक्ष के निर्देश पर मोहनलालगंज के ग्राम-खुजौली में लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 02 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोज़र चलाया गया। अवैध कॉलोनाइज़रों द्वारा विकसित की गई सड़कों, नालियों और बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर यह साफ कर दिया गया कि बिना अनुमति प्लाटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मैरिज लॉन, हॉस्पिटल और 25 रो-हाउस सील
एलडीए उपाध्यक्ष के सख़्त निर्देशों के तहत सरोजनीनगर में बने अवैध आर.डी. पैलेस मैरिज लॉन को सील किया गया। वहीं पारा क्षेत्र में मोहान रोड पर बने एस.डी. हॉस्पिटल पर भी ताला जड़ दिया गया। इसके अलावा पारा के चुन्नूखेड़ा में लगभग 2500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बन रहे 25 अवैध रो-हाउस भवनों को सील कर दिया गया। काकोरी और पारा में 03 अन्य अवैध व्यावसायिक निर्माण भी सील किए गए।
जोनल अधिकारियों ने संभाली कार्रवाई, आदेश उपाध्यक्ष के
पूरी कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश और निगरानी में की गई, जिसे अलग-अलग जोनों में जोनल अधिकारियों द्वारा अंजाम दिया गया। प्रवर्तन जोन-1, जोन-2 और जोन-3 की टीमों ने एक साथ अभियान चलाकर यह संदेश दिया कि एलडीए अब अवैध निर्माणों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस मोड में है।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार का साफ कहना है कि शहर का नियोजित विकास किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा, और भविष्य में भी अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ ऐसी ही सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।



