लखनऊ

लखनऊ नगर निगम से उपजिलाधिकारी तक का सफर: पीसीएस अधिकारी आकाश कुमार को मिली नई जिम्मेदारी

लखनऊ नगर निगम से उपजिलाधिकारी तक का सफर: पीसीएस अधिकारी आकाश कुमार को मिली नई जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 182 पीसीएस अधिकारियों के तबादलों के क्रम में लखनऊ नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त आकाश कुमार को उपजिलाधिकारी  लखनऊ के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट कार्यशैली और जनहित के प्रति समर्पण का सम्मान माना जा रहा है।

आकाश कुमार ने नगर निगम में अपने कार्यकाल के दौरान जोन-3, जोन-4 और जोन-7 के जोनल अधिकारी के रूप में प्रभावी कार्य किया। इसके अलावा उन्होंने संपत्ति विभाग की जिम्मेदारी भी संभाली और नगर निगम की कई महत्वपूर्ण योजनाओं एवं अभियानों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया।

सहायक नगर आयुक्त के रूप में उन्होंने गृहकर (हाउस टैक्स) की समयबद्ध वसूली सुनिश्चित कर नगर निगम के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि कराने में अहम भूमिका निभाई। सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने, अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाने और आम जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर भी उनकी कार्यशैली की व्यापक सराहना हुई।

अपने शांत स्वभाव, निष्पक्ष निर्णय और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशील रवैये के कारण आकाश कुमार नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों के बीच एक लोकप्रिय अधिकारी के रूप में पहचाने गए।

अब उपजिलाधिकारी लखनऊ के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने तथा जनसेवा को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

स्टार न्यूज़ भारत परिवार की ओर से पीसीएस अधिकारी आकाश कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई।

Related Articles

Back to top button