लखनऊ

गाड़ी में बैठे LDA अधिकारी का iPhone उड़ा ले गए टप्पेबाज, 60 सेकेंड में ऐसे दिया वारदात को अंजाम

🚨 गाड़ी में बैठे LDA अधिकारी का iPhone उड़ा ले गए टप्पेबाज, 60 सेकेंड में ऐसे दिया वारदात को अंजाम

लखनऊ। राजधानी में टप्पेबाजों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि अब सरकारी अधिकारी भी उनके निशाने पर हैं। इस बार शिकार बने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उद्यान विभाग के प्रभारी कर्ण सिंह, जिनका आईफोन दिनदहाड़े महज एक मिनट के भीतर टप्पेबाजों ने उड़ा लिया।

पीड़ित कर्ण सिंह के अनुसार, घटना उस समय हुई जब वह पकड़ी का पुल क्षेत्र से अपनी कार से गुजर रहे थे। तभी एक बाइक सवार ने उनकी कार में हल्की टक्कर मार दी। बाइक सवार नशे की हालत में दिखाई दे रहे थे और सड़क पर जाम लगा था। उन्हें शक हुआ, इसलिए वह कार से नीचे नहीं उतरे।

इसी बीच एक युवक कार की खिड़की के पास पहुंचा और शीशे पर जोर-जोर से थपथपाने लगा। जैसे ही उन्होंने खिड़की खोली, उसी समय कार के दूसरी ओर किसी ने दरवाजा खटखटाया। उनका ध्यान दूसरी तरफ गया और इसी एक पल का फायदा उठाकर ड्राइवर साइड पर खड़ा युवक कार के अंदर रखा आईफोन उठाकर बाहर खड़ी बाइक पर बैठा और साथी के साथ फरार हो गया।

कर्ण सिंह ने बताया कि पूरी वारदात करीब एक मिनट के भीतर हो गई। जब तक उन्हें समझ आता, टप्पेबाज आंखों से ओझल हो चुके थे। उन्होंने तुरंत पास की पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत की, लेकिन आरोप है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने क्षेत्राधिकार (जुरिस्डिक्शन) का हवाला देते हुए उन्हें साइबर कैफे जाकर ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी। पूरा मामला आशियाना थाना क्षेत्र  स्थित शुक्रवार का बताया जा रहा।

पीड़ित अधिकारी ने बताया कि चोरी हुए आईफोन में कई सरकारी दस्तावेज, पीडीएफ फाइलें और महत्वपूर्ण अभिलेख सुरक्षित थे। इस घटना ने उन्हें मानसिक रूप से काफी आहत किया है।

ऐसे टप्पेबाजों से कैसे बचें?

  • सड़क पर मामूली टक्कर या बहस की स्थिति में तुरंत शीशा या दरवाजा न खोलें।
  • कार के दरवाजे हमेशा सेंट्रल लॉक रखें।
  • मोबाइल, लैपटॉप या अन्य कीमती सामान सीट पर खुला न रखें।
  • ध्यान भटकाने की कोशिश होने पर आसपास के लोगों की गतिविधियों पर नजर रखें।
  • सुनसान या जाम वाले स्थान पर संदिग्ध स्थिति लगे तो 112 पर तुरंत कॉल करें।
  • मोबाइल में Find My iPhone या Find My Device जैसी ट्रैकिंग सेवा हमेशा चालू रखें और स्क्रीन लॉक व दो-स्तरीय सुरक्षा (2FA) का उपयोग करें।

यह घटना बताती है कि राजधानी में टप्पेबाज अब बेहद सुनियोजित तरीके से लोगों का ध्यान भटकाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्क रहने की आवश्यकता है।

Related Articles

Back to top button