लखनऊ

खबर का बड़ा असर: LDA उपाध्यक्ष ने जनहित ख़बर् का लिया संज्ञान: टेढ़ी पुलिया के जानलेवा विज्ञापन स्ट्रक्चर पर शुरू हुई कार्रवाई-नोटिस जारी

खबर का बड़ा असर: टेढ़ी पुलिया के जानलेवा विज्ञापन स्ट्रक्चर पर शुरू हुई कार्रवाई

लखनऊ। टेढ़ी पुलिया चौराहे के पास स्थित मोबाइल बाजार परिसर की छत पर लगे जर्जर और अनाधिकृत विज्ञापन स्ट्रक्चर को लेकर प्रकाशित खबर का बड़ा असर हुआ है। मामले का संज्ञान लेते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

उपाध्यक्ष के निर्देश पर एलडीए जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने तत्काल जनहित में  भवन स्वामी को नोटिस जारी किया। इसके बाद लखनऊ नगर निगम और एलडीए की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और लोगों की जान के लिए खतरा बने अवैध विज्ञापन स्ट्रक्चर को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

गौरतलब है कि खबर में बताया गया था कि मोबाइल बाजार परिसर की छत पर लगा विशाल होर्डिंग स्ट्रक्चर पूरी तरह हिल रहा था। भवन स्वामी का कहना था कि तेज आंधी या हवा चलने पर पूरी बिल्डिंग में कंपन महसूस होता है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी।

खबर में यह भी सवाल उठाया गया था कि क्या अधिकारी अलीगंज अग्निकांड जैसी किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहे हैं? साथ ही यह भी जानकारी सामने आई थी कि संबंधित व्यावसायिक भवन का एलडीए से स्वीकृत नक्शा नहीं है और न ही फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम हैं।

खबर सामने आने के बाद प्रशासन की सक्रियता से अब जानलेवा विज्ञापन स्ट्रक्चर हटाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि शहर के अन्य ऐसे अवैध और खतरनाक स्ट्रक्चर की भी तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button