लखनऊ में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 19 नमूने लिए, 9 लाख से अधिक का मसाला सीज, 25.80 लाख का सड़ा-गला खाद्य पदार्थ नष्ट

लखनऊ में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 19 नमूने लिए, 9 लाख से अधिक का मसाला सीज, 25.80 लाख का सड़ा-गला खाद्य पदार्थ नष्ट
लखनऊ, 10 जुलाई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर लखनऊ में 8 और 9 जुलाई को मिलावटी खाद्य पदार्थों, विशेषकर हल्दी, मिर्च, धनिया और अन्य मसालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 19 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

कार्रवाई के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आर्चिता इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में करीब 145 किलोग्राम एक्सपायर्ड मसाले (अनुमानित मूल्य 60 हजार रुपये) मौके पर ही नष्ट कराए गए।
वहीं बख्शी का तालाब स्थित मारुति महिला स्वावलंबी संस्थान में आम, नींबू, गोभी, गाजर, अदरक और मिर्च का 8400 किलोग्राम सड़ा-गला व फफूंदयुक्त अचार (अनुमानित मूल्य 25.20 लाख रुपये) नष्ट कराया गया। इसके अलावा बिक्री के लिए रखे 2000 जार तैयार मिक्स अचार (8 क्विंटल) को भी सीज कर दिया गया।
इरादत नगर स्थित तुषार स्पाइसेस एंड फूड प्रोडक्ट्स में हल्दी, धनिया, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर, चावल के आटे सहित 8983 किलोग्राम खाद्य पदार्थ और अपमिश्रक (अनुमानित मूल्य 6.67 लाख रुपये) सीज किए गए। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां और खाद्य मानकों का उल्लंघन मिलने पर खाद्य कारोबार तत्काल बंद करा दिया गया।
अभियान के दौरान कुल 9783 किलोग्राम खाद्य पदार्थ (अनुमानित मूल्य 9.07 लाख रुपये) सीज किए गए, जबकि 8545 किलोग्राम सड़े-गले खाद्य पदार्थ (अनुमानित मूल्य 25.80 लाख रुपये) नष्ट कराए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सभी 19 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित कारोबारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।



