लखनऊ

Lucknow- टेढ़ी पुलिया के ‘मोबाइल बाजार’ पर उठे सवाल, एलडीए उपाध्यक्ष से भवन सील करने की उठी मांग

टेढ़ी पुलिया के ‘मोबाइल बाजार’ पर उठे सवाल, एलडीए उपाध्यक्ष से भवन सील करने की मांग

लखनऊ। राजधानी के टेढ़ी पुलिया चौराहे पर स्थित “मोबाइल बाजार” भवन को लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष को एक प्रार्थना-पत्र भेजकर भवन की जांच कराने और नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर उसे सील करने की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मोबाइल बाजार भवन का निर्माण प्राधिकरण के नियमों के विपरीत किया गया है। भवन की वैधता एवं स्वीकृत मानचित्र की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।

प्रार्थना-पत्र में यह भी कहा गया है कि भवन में अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) के आवश्यक मानकों का पालन नहीं किया गया है। यदि किसी प्रकार की आगजनी या आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि भवन में बड़ी संख्या में मोबाइल दुकानों के संचालन के कारण टेढ़ी पुलिया चौराहे पर प्रतिदिन भीषण ट्रैफिक जाम लगता है। इससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

प्रार्थना-पत्र में एलडीए उपाध्यक्ष से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि भवन विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन करता पाया जाए तो जनहित एवं सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे तत्काल सील कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाए।

अब निगाहें एलडीए पर हैं। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह कार्रवाई न केवल अवैध निर्माणों पर सख्ती का संदेश देगी बल्कि शहर में अग्नि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Related Articles

Back to top button