लखनऊ नगर निगम जोन-02 हाउस टैक्स वसूली में सुधार के साथ बढ़ा राजस्व , जोंनल अधिकारी संजय यादव के नेतृत्व में बढ़ी वसूली

जोन-02 में सुधार की रफ्तार तेज, संजय यादव के नेतृत्व में बढ़ी वसूली
लखनऊ। नगर निगम के जोन-02 में इस वित्तीय वर्ष वसूली अभियान ने धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ते हुए अब सुधार के स्पष्ट संकेत दिए हैं। जोंनल अधिकारी संजय यादव के नेतृत्व में राजस्व टीम ने लगातार प्रयास करते हुए अब तक 25.24 करोड़ रुपये की वसूली दर्ज की है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में यह आंकड़ा 19.60 करोड़ रुपये था।
इस प्रकार जोन-02 ने 5.64 करोड़ रुपये की बढ़त हासिल की है, जिसे सकारात्मक प्रगति के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि अन्य जोनों की तुलना में यह बढ़त मध्यम श्रेणी में आती है, लेकिन टीम की सक्रियता और रणनीति में बदलाव के चलते इसमें निरंतर सुधार दर्ज किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष वसूली को बेहतर बनाने के लिए बकायेदारों की पहचान कर उनके खिलाफ चरणबद्ध कार्रवाई की गई। नियमित फील्ड विजिट, नोटिस जारी करना और राजस्व टीम की निगरानी से वसूली अभियान को मजबूती मिली है।
यह वसूली पिछले वित्तीय वर्ष 27 अप्रैल 2025 और इस वर्ष 27 अप्रैल 2026 के बीच का तुलनात्मक आंकड़ा है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में अभी 4 दिन शेष हैं, ऐसे में वसूली के आंकड़ों में और वृद्धि की पूरी संभावना जताई जा रही है।
जोंनल अधिकारी संजय यादव ने बताया कि अंतिम चरण को देखते हुए वसूली अभियान को और तेज कर दिया गया है। बकायेदारों की सूची तैयार कर सख्त कार्रवाई की जा रही है और फील्ड स्टाफ को अधिक सक्रिय कर दिया गया है, ताकि लक्ष्य को समय पर हासिल किया जा सके।
नगर निगम के अधिकारियों का मानना है कि यदि इसी तरह प्रयास जारी रहे, तो जोन-02 आने वाले दिनों में अपने लक्ष्य के करीब पहुंचने में सफल रहेगा और अपनी स्थिति को और मजबूत कर सकता है।



