नगर निगम जोन-06 में हाउस टैक्स वसूली बढ़ी, जोंनल अधिकारी अमरजीत यादव के नेतृत्व में 11.52 करोड़ का हुआ इजाफा

जोन-06 में जबरदस्त उछाल, अमरजीत यादव के नेतृत्व में 11.52 करोड़ की मजबूत बढ़त
लखनऊ। नगर निगम के जोन-06 ने इस वित्तीय वर्ष वसूली अभियान में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करते हुए खुद को बेहतर प्रदर्शन करने वाले जोनों में शामिल कर लिया है। जोंनल अधिकारी अमरजीत यादव के नेतृत्व में टीम ने लगातार मेहनत करते हुए अब तक 46.45 करोड़ रुपये की वसूली हासिल की है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में यह आंकड़ा 34.93 करोड़ रुपये था।
इस प्रकार जोन-06 ने 11.52 करोड़ रुपये की मजबूत बढ़त दर्ज की है, जिसे नगर निगम की वसूली व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह प्रदर्शन दर्शाता है कि योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाने और टीम की सक्रियता से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, इस सफलता के पीछे लगातार मॉनिटरिंग, फील्ड टीम की सक्रिय भागीदारी, बकायेदारों से सीधे संपर्क और सख्त कार्रवाई की अहम भूमिका रही है। विशेष रूप से बड़े बकायेदारों पर फोकस करते हुए राजस्व बढ़ाने की रणनीति अपनाई गई, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला है।
यह वसूली पिछले वित्तीय वर्ष 27 अप्रैल 2025 और इस वर्ष 27 अप्रैल 2026 के बीच का तुलनात्मक आंकड़ा है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में अभी 4 दिन शेष हैं, जिससे वसूली के आंकड़ों में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।
जोंनल अधिकारी अमरजीत यादव ने बताया कि अंतिम चरण को देखते हुए अभियान को और तेज कर दिया गया है। सभी कर्मचारी फील्ड में सक्रिय हैं, बकायेदारों के खिलाफ सख्ती बढ़ाई गई है और राजस्व बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने भरोसा जताया कि बचे हुए दिनों में और बेहतर कलेक्शन किया जाएगा और जोन-06 निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने में सफल रहेगा। नगर निगम के भीतर भी इस प्रदर्शन को सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे अन्य जोनों को भी बेहतर करने की प्रेरणा मिल रही है।



