लखनऊ

पूर्वी विधानसभा में बही विकास की गंगा-लखनऊ–कुर्सी रोड से अंग्रेज फार्म चौराहा तक नई संपर्क सड़क का विधायक ओपी श्रीवास्तव ने शिलान्यास

विकास अब वादा नहीं, लखनऊ पूर्वी की ज़मीनी सच्चाई है” : ओ.पी. श्रीवास्तव

लखनऊ–कुर्सी रोड से अंग्रेज फार्म चौराहा तक नई संपर्क सड़क का शिलान्यास


लखनऊ, 8 फरवरी 2026।
लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में विकास की दिशा में एक और ठोस कदम बढ़ाते हुए विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव ने रविवार को लखनऊ–कुर्सी रोड से मड़ियांव शुक्ला चौराहा होते हुए अंग्रेज फार्म चौराहा तक निर्मित की जाने वाली संपर्क सड़क का शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि क्षेत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित इस विकास कार्य को लेकर जनता में विशेष उत्साह है।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि लखनऊ पूर्वी में विकास अब किसी योजना-पत्र या घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि वह ज़मीन पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि जब जनता का विश्वास जनप्रतिनिधि के साथ मजबूती से खड़ा होता है, तब विकास फाइलों से निकलकर सड़कों पर दौड़ने लगता है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित की जाने वाली यह सड़क 1.950 किलोमीटर लंबी होगी, जिसकी अनुमानित लागत ₹183.96 लाख है।

यह मार्ग बीते कई वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में था। गड्ढों, जलभराव और खराब सतह के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं, जिससे स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन न केवल सुरक्षित होगा, बल्कि समय और ईंधन की भी बचत होगी।
विधायक ने कहा कि लखनऊ पूर्वी विधानसभा में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था, पार्कों के सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बीते वर्षों में प्रदेश और देश में समावेशी विकास की एक नई कार्यसंस्कृति विकसित हुई है, जिसमें गरीब, महिला, युवा, किसान और व्यापारी—सभी के हितों को समान रूप से ध्यान में रखा गया है। यही कारण है कि आज विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनता ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया और लंबे समय से उपेक्षित मार्ग के निर्माण की पहल के लिए आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि इस सड़क के बन जाने से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और आवासीय व व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नरेंद्र देवड़ी, पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह, मंडल महामंत्री नीलिमा त्रिपाठी एवं किशन पाल, पार्षद राकेश मिश्र, पार्षद प्रतिनिधि दीपक तिवारी, पूर्व पार्षद राम अजय सिंह, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष सीता नेगी, बृजमोहन अवस्थी, मनोज श्रीवास्तव, शशांक शेखर ‘गोल्डी’, विनोद यादव, अंशुमान सिंह, आकाश तिवारी ‘राजन’, संगीता जयसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
अंत में विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव ने जनता के सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि लखनऊ पूर्वी में विकास की यह यात्रा रुकने वाली नहीं है और आने वाले समय में क्षेत्र को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार कार्य किए जाते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button