भूमिगत पार्किंग स्थल पर अब तक नहीं लगा नगर निगम का बोर्ड, महापौर के आदेश की खुली अवहेलना

पार्किंग स्थल पर अब तक नहीं लगा नगर निगम का बोर्ड, महापौर के आदेश की खुली अवहेलना
लखनऊ। लालबाग नगर निगम मुख्यालय के सामने बनी भूमिगत पार्किंग एक बार फिर विवादों में है। नगर निगम बोर्ड की बैठक के दौरान जिस मुद्दे पर भरे सदन में हंगामा हुआ, उस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
दरअसल, भूमिगत पार्किंग के नामकरण को लेकर पार्षदों ने सदन में सवाल उठाया था। टेंडर होने के बाद निजी कंपनी द्वारा पार्किंग स्थल पर अपने नाम का बोर्ड लगा दिया गया, जबकि नगर निगम का नाम पूरी तरह गायब है। इसे लेकर पार्षदों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने सदन में ही अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव को तत्काल नगर निगम का बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए थे। सदन के दौरान AMC पार्किंग की ओर से यह आश्वासन भी दिया गया था कि उसी समय बोर्ड लगवा दिया जाएगा।
लेकिन हकीकत इसके उलट है। खबर लिखे जाने तक पार्किंग स्थल पर निजी कंपनी का बोर्ड जस का तस लगा हुआ है, जबकि नगर निगम का बोर्ड अब भी नदारद है।
सवाल यह है कि क्या सदन के आदेश सिर्फ कागज़ों तक सीमित रह गए हैं?
और क्या निजी कंपनी नगर निगम से ऊपर हो गई है?
अब देखना होगा कि इस खुली अवहेलना पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या नहीं।



