नगर निगम लखनऊलखनऊ

लखनऊ में होर्डिंग हटाते समय नगर निगम कंट्रोल रूम कर्मचारी को लगा करंट का झटका, बाल-बाल बचे सुपरमैन सुबोध सिंह

लखनऊ में होर्डिंग हटाते समय नगर निगम कंट्रोल रूम कर्मचारी को लगा करंट का झटका, बाल-बाल बचे सुपरमैन सुबोध सिंह
बीती रात नगर निगम लखनऊ के कंट्रोल रूम लीडर सुबोध सिंह, जिन्हें निगम के भीतर “सुपरमैन सुबोध” के नाम से जाना जाता है, ड्यूटी के दौरान एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गए।
दरअसल, 5 केडी चौराहे पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आगमन को लेकर कुछ समर्थकों द्वारा अवैध रूप से होर्डिंग लगाई गई थी। बारिश के कारण ये होर्डिंग बल्लियों समेत गिर गई थी और सड़क पर बाधा बन रही थी।
रात करीब 10:30 बजे अपने रूटीन निरीक्षण के दौरान सुबोध सिंह की नजर इस गिरी हुई होर्डिंग पर पड़ी। ट्रैफिक और लोगों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से उन्होंने उसे हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान वह चौराहे की रेलिंग के संपर्क में आ गए, जिस पर बारिश के कारण करंट प्रवाहित हो रहा था।
सुबोध को तेज बिजली का झटका लगा जिससे वे कुछ समय के लिए बेसुध हो गए। गनीमत रही कि मौके पर अन्य कर्मियों की मौजूदगी और त्वरित प्रतिक्रिया से उन्हें तुरंत बचा लिया गया।
नगर निगम सूत्रों ने बताया कि “ईश्वर की कृपा और शहरवासियों के आशीर्वाद से सुबोध सिंह पूरी तरह सुरक्षित हैं।” घटना के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और अब उनकी हालत स्थिर है।
इस हादसे ने एक बार फिर शहर में अवैध होर्डिंग्स की समस्या और बिजली सुरक्षा की अनदेखी को उजागर कर दिया है। नगर निगम ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और ऐसी लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button