उत्तर प्रदेशदेश-विदेशनगर निगम लखनऊलखनऊ

लखनऊ ठाकुरगंज हादसा: खुले नाले में बहे युवक की लाश बरामद, नगर निगम पर फूटा लोगों का गुस्सा

 


ठाकुरगंज हादसा: खुले नाले में बहे युवक की लाश बरामद, नगर निगम पर फूटा लोगों का गुस्सा

लखनऊ, 13 जुलाई 2025: लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र में बारिश के दौरान खुले नाले में बहे युवक सुरेश की लाश आज सुबह बरामद कर ली गई। कल भारी बारिश के दौरान सुरेश अचानक फिसलकर नाले में गिर गया था। नाले का ढक्कन खुला हुआ था और जलभराव के कारण वह दिखाई नहीं दिया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले की स्थिति को लेकर कई बार नगर निगम को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। हादसे के बाद कॉलोनी में भारी नाराज़गी देखी गई। मंजू टंडन ढाल पर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें मृतक सुरेश की पत्नी और कुछ परिजन घायल हो गए। यह और भी गुस्से और शोक का कारण बन गया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम की लापरवाही और अभियंत्रण विभाग की अनदेखी इस दुर्घटना का मुख्य कारण है। नगर निगम के चीफ इंजीनियर, अधिशासी अभियंता, जूनियर इंजीनियर और संबंधित सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय करने की मांग की जा रही है।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने इस घटना का संज्ञान ले लिया है और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। फिलहाल नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इलाके में शोक की लहर है और प्रशासन की निष्क्रियता पर जनता का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।


 

Related Articles

Back to top button