लखनऊ

अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग होगा फोर लेन, कैबिनेट ने दी मंजूरी

अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग होगा चार लेन, कैबिनेट ने दी मंजूरी

लखनऊ, 22 अगस्त। अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुगम आवागमन को देखते हुए प्रदेश सरकार ने पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण को मंजूरी दे दी है। मंत्रिपरिषद ने जनपद अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के चैनेज 0.00 से 10.775 के मध्य 9.025 किलोमीटर लंबे मार्ग को चार लेन में चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण किए जाने के लिए पुनरीक्षित लागत की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

अयोध्या धाम में प्रतिवर्ष कार्तिक मास में विश्व प्रसिद्ध पंचकोसी परिक्रमा का आयोजन होता है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वर्ष 2024 में भगवान श्रीराम मंदिर का निर्माण पूर्ण होने के बाद अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस वर्ष लगभग 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंचकोसी परिक्रमा में भाग लिया।

वर्तमान में परिक्रमा मार्ग के कैरिजवे की अधिकतम चौड़ाई करीब 7 मीटर है, जो श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ती संख्या के लिहाज से पर्याप्त नहीं है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मार्ग को चार लेन में विकसित करने का निर्णय लिया गया है।

मंत्रिपरिषद की स्वीकृति के तहत मार्ग के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण के साथ आवश्यक अन्य कार्य भी कराए जाएंगे। परियोजना की पुनरीक्षित लागत 46,645.62 लाख रुपये, यानी करीब 466.46 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।

परियोजना के पूरा होने के बाद पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। परिक्रमा के दौरान होने वाली भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।

सरकार के अनुसार यह परियोजना अयोध्या धाम के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक परिक्रमा मार्ग के निर्माण से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा। निर्माण कार्यों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

प्रदेश सरकार का उद्देश्य अयोध्या को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, सुरक्षित एवं श्रद्धालु-अनुकूल धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का चार लेन में चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण इसी व्यापक विकास योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Related Articles

Back to top button