लखनऊ

लखनऊ-गंदगी फैलाने वालों पर पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई, जोन-3 में जोंनल अधिकारी अजीत राय ने वसूला 4 लाख का जुर्माना

अजीत राय की टीम का बड़ा एक्शन, गंदगी और पॉलीथिन पर ₹4 लाख का जुर्माना

जोन-3 में गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथिन पर बड़ी कार्रवाई, 4 लाख का जुर्माना वसूलकर अजीत राय ने बनाया रिकॉर्ड

लखनऊ। शहर में गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर बुधवार को विभिन्न जोनों में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 6 चालानों के माध्यम से करीब 4.35 लाख रुपये का अर्थदंड वसूला गया।

जोन-3 में गंदगी पर पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई

नगर निगम के जोन-3 में जोनल अधिकारी अजीत राय के नेतृत्व में बंधा रोड स्थित बैरल नंबर-02 क्षेत्र में गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए चार चालान काटकर कुल 4 लाख रुपये का अर्थदंड वसूला गया।

बताया जा रहा है कि गंदगी फैलाने के मामले में किसी जोनल अधिकारी द्वारा एक अभियान में इतनी बड़ी धनराशि का अर्थदंड वसूले जाने का यह पहला बड़ा उदाहरण है। कार्रवाई से साफ है कि नगर निगम अब केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि शहर में गंदगी फैलाने वालों पर आर्थिक कार्रवाई भी कर रहा है।

इस अभियान में जोनल अधिकारी अजीत राय के साथ सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुमित मिश्रा  तथा पुष्कर सिंह पटेल भी मौजूद रहे। टीम ने मौके पर निरीक्षण कर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की और प्रतिबंधित पॉलीथिन भी जब्त की।

दो चालानों से 2 लाख रुपये वसूले

अभियान के दौरान गंदगी फैलाने पर दो चालानों के माध्यम से 2 लाख रुपये तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन पाए जाने पर दो चालानों के माध्यम से 2 लाख रुपये का अर्थदंड वसूला गया। इस तरह जोन-3 में कुल चार चालानों से 4 लाख रुपये नगर निगम कोष में जमा कराए गए।

इसके अलावा अवैध रूप से कबाड़ का व्यापार करने वाले राजाराम के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

जोन-8 में भी चला अभियान

वहीं जोन-8 के हिन्दनगर गोल मार्केट से सेक्टर-एफ और बिजनौर क्षेत्र में 30 से अधिक दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथिन पाए जाने पर अर्थदंड लगाया गया। करीब 5 किलो 500 ग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई।

जोन-8 की कार्रवाई में जोनल सेनेटरी अधिकारी मो. नईम, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक वीरभद्र सिंह सहित सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, प्रवर्तन दल और 296 टीम के सदस्य मौजूद रहे।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नगर निगम का फोकस अब ऐसे स्थानों पर सख्त कार्रवाई करने पर है, जहां बार-बार गंदगी या प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल सामने आ रहा है।

Related Articles

Back to top button